होटल में मौत का राज!: सिर में कैसे लगी चोट? प्रेमी बार-बार बदल रहा बयान, अंदरूनी रक्तस्राव ने बढ़ाया सस्पेंस

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रक्षाबंधन पर घर लौट रही 21 वर्षीय युवती की होटल में मौत का मामला रहस्य बन गया है। युवती के पिता की तहरीर पर प्रेमी राहुल यादव और उसके साथी के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज हुआ है। पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव की बात सामने आई है। पुलिस होटल, मोबाइल चैट और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 August 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

Agra: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रक्षाबंधन पर घर लौट रही 21 वर्षीय युवती की एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। युवती गुरुग्राम से अपने गांव लौट रही थी, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई। वह शिकोहाबाद में अपने प्रेमी राहुल यादव के साथ होटल में ठहरी थी। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और प्रेमी अपने एक दोस्त के साथ उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव की बात सामने आने के बाद मामला और उलझ गया है। युवती के पिता की तहरीर पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है, जिसकी पुलिस और चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

गुरुग्राम से रक्षाबंधन पर घर लौट रही थी युवती

नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती पिछले करीब तीन महीने से गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए उसने घर लौटने की योजना बनाई थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह बस से गुरुग्राम से रवाना हुई। रात करीब आठ बजे शिकोहाबाद पहुंचने के बाद उसने अपने पिता को फोन किया। बताया कि उसकी तबीयत कुछ खराब है और वह शिकोहाबाद में रहने वाली अपनी सहेली के घर रुक जाएगी। उसने अगले दिन सुबह गांव पहुंचने की बात कही थी। इसी बातचीत में उसने पिता को बताया था कि उसके साथ राहुल उर्फ नितिन यादव भी है।

सहेली के घर बैग रखा और प्रेमी के साथ चली गई

पुलिस के मुताबिक, शिकोहाबाद पहुंचने के बाद युवती अपनी सहेली के घर गई और वहां अपना बैग रख दिया। इसके बाद वह राहुल के साथ चली गई। दोनों मईयामई इलाके में हाईवे किनारे स्थित एक होटल में ठहरे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि होटल पहुंचने के बाद बंद कमरे के अंदर क्या हुआ। रात करीब तीन बजे युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। राहुल ने सलेमपुर निवासी अपने एक दोस्त को बुलाया और दोनों युवती को बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गए।

अस्पताल पहुंचते ही दोनों युवकों पर पड़ी नजर

शिकोहाबाद मंडी के पास हाईवे किनारे स्थित अस्पताल में उस समय डायल-112 की टीम मौजूद थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों के साथ अचेत युवती को देखा तो वे भी अस्पताल पहुंचे। तब तक डॉक्टर युवती को मृत घोषित कर चुके थे। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों युवक वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पूर्व प्रेमिका की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, अमेरिका से भागकर आगरा में छिपा था सॉफ्टवेयर इंजीनियर

सिर की चोट ने खड़े किए कई सवाल

मामले में सबसे बड़ा सवाल युवती के सिर पर लगी गंभीर चोट को लेकर है। मईयामई गांव के बाहर स्थित होटल के कमरे में आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे युवती को इतनी गंभीर चोट लगी? पुलिस इसी सवाल का जवाब तलाश रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का मुख्य कारण सिर में गंभीर चोट बताया गया है। इसके साथ ही शरीर के अंदरूनी हिस्से से अत्यधिक रक्तस्राव की बात भी सामने आई है। इन दोनों परिस्थितियों ने जांच को और गंभीर बना दिया है।

पूछताछ में बदल रहे बयान

हिरासत में लिए गए राहुल यादव से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती के सिर पर लगी गहरी चोट को लेकर आरोपी के बयान में बदलाव सामने आया है। शुरुआती पूछताछ में राहुल ने कथित तौर पर बताया कि युवती अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गई थी और उसके सिर में चोट लग गई। बाद में पुलिस द्वारा चोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़े सवाल पूछे जाने पर उसने कथित तौर पर अपना बयान बदलते हुए कहा कि युवती की तबीयत अचानक खराब हुई और उसका सिर दीवार से टकरा गया।

दुष्कर्म के आरोप की भी हो रही जांच

मृतका के परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि अभी नहीं हुई है। चिकित्सकीय जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इसकी जांच कर रही है। तीन वरिष्ठ चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। डॉक्टरों ने शरीर की विस्तृत जांच की और आवश्यक नमूने सुरक्षित किए हैं। दुष्कर्म की आशंका की चिकित्सकीय जांच के लिए भी सैंपल तैयार किए गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद जांच में तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।

शरीर पर संघर्ष के निशान नहीं

जांच में सामने आया एक और पहलू पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फॉरेंसिक और चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान युवती के शरीर पर खरोंच, दबाव या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। उसके गले में पहनी चेन भी सुरक्षित थी और कपड़ों के फटे या अस्त-व्यस्त होने की बात सामने नहीं आई है। ऐसे में अंदरूनी रक्तस्राव और सिर की गंभीर चोट की परिस्थितियों को लेकर पुलिस कई संभावनाओं की जांच कर रही है।

दो साल से प्रेम संबंध की बात सामने आई

पुलिस की पूछताछ में राहुल और युवती के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। राहुल के मुताबिक, युवती के गुरुग्राम जाने के बाद भी दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि रक्षाबंधन पर युवती के गांव आने से पहले ही दोनों के रात में होटल में रुकने की योजना बनी थी। अब जांच अधिकारी दोनों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और चैट की पड़ताल कर रहे हैं।

आगरा कैंट के लाल ट्रॉली बैग का खौफनाक राज: चेन्नई में हत्या, 18 टुकड़े किए; मैदा-सब्जी लगाकर प्रेशर कुकर में पकाया

दोस्त के जन्मदिन का बहाना बनाकर निकला था राहुल

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि राहुल ने होटल में रात रुकने के लिए अपने परिवार से कथित तौर पर झूठ बोला था। उसने परिजनों को बताया था कि उसके दोस्त का जन्मदिन है और पार्टी के कारण उसे घर लौटने में देर होगी।

चार घंटे सड़क पर रखा शव

गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों ने युवती की शिकोहाबाद निवासी सहेली की भूमिका की भी जांच करने और उसे मामले में नामजद करने की मांग उठाई।

होटल संचालक भी पुलिस की रडार पर

घटना के बाद होटल का स्टाफ मौके से फरार हो गया और होटल में ताला लगा दिया गया। पुलिस अब होटल संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हाईवे किनारे बने इन कमरों का इस्तेमाल प्रेमी जोड़ों के ठहरने के लिए किया जाता था।

तीन थानों की पुलिस रही तैनात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर थाना उत्तर, नसीरपुर और शिकोहाबाद की पुलिस तैनात रही। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस सुरक्षा में शव को पैतृक गांव ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। एसपी देहात अनुज चौधरी के मुताबिक, होटल के कमरे में क्या हुआ और युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है।

Location :  Agra

Published :  28 August 2026, 1:51 PM IST

Related News

Advertisement