हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: अमेरिका में अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या के मामले में वांटेड सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्जुन शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया गया है। हैदराबाद के लल्लागुड़ा थाने की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी को एकता थाना क्षेत्र के कहरई स्थित शंकर ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1202 से पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे हिरासत में भेज दिया गया।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिमेष भास्कर मणि त्रिपाठी की अदालत ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में रखने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। अदालत के समक्ष बताया गया कि अर्जुन की गिरफ्तारी अमेरिका में जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई है।
अमेरिका की ओर से आरोपी को भारत से वापस भेजने का अनुरोध भी किया गया है। अब उसके प्रत्यर्पण को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मामला अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के हॉवर्ड काउंटी के कोलंबिया इलाके का है। यहां 27 वर्षीय तेलुगु महिला निकिता गोडिशाला की हत्या हुई थी।
अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, निकिता की हत्या 31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 के बीच हुई। आरोप है कि उसके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा ने चाकू से उसकी हत्या की और इसके बाद अमेरिका से भारत भाग आया।
अमेरिकी अधिकारियों ने अर्जुन पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, निकिता के पिता ने भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी और अर्जुन के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
स्कूलों में अब होगी अचानक जांच! UP सरकार के इस कदम से मचेगा हड़कंप, सामने आएगी असली तस्वीर
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत को बताया कि अर्जुन शर्मा हैदराबाद के लल्लागुड़ा थाने में दर्ज एक एफआईआर में भी संदिग्ध था। जांच के दौरान उसके आगरा स्थित पते पर नोटिस भेजा गया था।
इसके बाद अमेरिका की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की गई।
जांच में सामने आया कि अर्जुन करीब 15 दिन पहले आगरा आया था। उसने शंकर ग्रीन अपार्टमेंट में किराये पर फ्लैट लिया था। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल कोई काम नहीं कर रहा था।
दो दिन पहले हैदराबाद पुलिस आगरा पहुंची और डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास से संपर्क किया। इसके बाद थाना एकता पुलिस की मदद से उसके ठिकाने की जानकारी जुटाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अर्जुन की गिरफ्तारी के बाद भारत में उसके प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमेरिकी एजेंसियों की ओर से जारी वारंट और भारत में चल रही कानूनी कार्रवाई के बीच अब यह देखना अहम होगा कि आरोपी को अमेरिका कब और किस प्रक्रिया के तहत भेजा जाता है।
Location : New Delhi
Published : 27 August 2026, 10:23 AM IST
Topics : Agra Arrest Arjun Sharma US Murder Case
No related posts found.