हिंदी
New Delhi: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए चर्चित फायर हादसे की जांच अब तेज हो गई है। मामले में मुख्य आरोपी लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि मामले की तह तक पहुंचने और कई अहम तथ्यों की जांच के लिए आरोपी की हिरासत जरूरी है। पुलिस का कहना है कि होटल से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य तकनीकी जानकारियों को जुटाने के लिए पूछताछ की आवश्यकता है।
वहीं आरोपी लवकेश बजाज ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए अदालत में कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और उसे हिरासत में लेने की आवश्यकता नहीं है। उसके वकील ने यह भी आरोप लगाया कि अभी तक उन्हें एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विपरीत है।
इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस ने अदालत को भरोसा दिलाया कि एफआईआर की कॉपी जल्द ही उपलब्ध करा दी जाएगी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी।
मामले की जांच के तहत दिल्ली पुलिस ने एमसीडी को पत्र लिखकर संबंधित इमारत का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराने का अनुरोध किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि भवन सुरक्षा मानकों का पालन कर रहा था या नहीं।
इसके अलावा बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस से भी इमारत के बिजली कनेक्शन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं आग लगने की वजह बिजली से जुड़ी कोई तकनीकी खामी तो नहीं थी।
दिल्ली पुलिस फिलहाल होटल संचालन, सुरक्षा इंतजाम, भवन की संरचना और बिजली व्यवस्था समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 4 June 2026, 3:32 PM IST