हिंदी
New Delhi: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। परिवार के सदस्य अस्पताल में भर्ती अपने बीमार पिता से मिलने दिल्ली आए थे और हादसे से महज एक दिन पहले गेस्ट हाउस में ठहरे थे।
मृतकों में विवेक, उनकी पत्नी, दो बेटियां, मां, मौसा, मौसी और मामा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार ने मंगलवार शाम को गेस्ट हाउस में दो कमरे बुक किए थे, लेकिन बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया।
परिजनों के अनुसार, हादसे के दौरान विवेक ने अपने ताऊ के बेटे को फोन कर मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया था कि वह बेसमेंट में फंस गए हैं और उन्हें बचा लिया जाए। हालांकि, जब तक परिवार के अन्य सदस्य कोटला से मौके पर पहुंचते, तब तक आग और धुएं ने पूरे परिवार को अपनी गिरफ्त में ले लिया था।
विवेक के ससुर प्रेम बंसल ने बताया कि विवेक के पिता पिछले दो दिनों से मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें देखने के लिए परिवार के सभी सदस्य दिल्ली पहुंचे थे। परिवार की बड़ी बेटी, जो बेंगलुरु में रहती थीं, उन्हें भी दादा की तबीयत खराब होने की सूचना देकर दिल्ली बुलाया गया था।
हादसे के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, सभी की मौत धुएं और दम घुटने के कारण हुई। इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मालवीय नगर अग्निकांड में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 3 June 2026, 4:07 PM IST