हिंदी
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र स्थित कुनबिया मार जंगल में 10 वर्षीय अज्ञात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल की झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
बालिका ने आसमानी रंग की कुर्ती और काले रंग का पजामा पहन रखा था। पुलिस के अनुसार मृतका के चेहरे और गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बच्ची की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस अन्य जिलों के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों के आधार पर पहचान कराने में जुटी है।
Location : Mirzapur
Published : 3 June 2026, 2:42 PM IST
Topics : crime news mirzapur news UP News UP Police