हिंदी
NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: सदर कोतवाली क्षेत्र में कक्षा सात के छात्र के अचानक लापता होने से हड़कंप मचा हुआ है। रोहिन नदी के त्रिमुहानी पुल पर छात्र की साइकिल और स्कूल बैग मिलने के बाद उसके नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना को करीब 24 घंटे होने को हैं, लेकिन अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्र की तलाश में NDRF और SDRF की टीमें नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
लखरहिया गांव निवासी हिमांशु यादव खुटहा स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। इसी दौरान उसके त्रिमुहानी पुल तक पहुंचने और रोहिन नदी में छलांग लगाने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
छात्र के नदी में छलांग लगाने की आशंका के पीछे सबसे अहम बात पुल पर उसकी साइकिल और स्कूल बैग का मिलना है। हालांकि छात्र ने नदी में छलांग लगाई है या उसके लापता होने के पीछे कोई और वजह है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। परिवार की चिंता इसलिए भी बढ़ती जा रही है क्योंकि घटना के बाद से हिमांशु का कोई पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली और फरेंदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने त्रिमुहानी पुल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई। शुरुआत में स्थानीय लोगों की मदद से नदी में छात्र की तलाश शुरू की गई।
महराजगंज में पुलिस चौकी बनी जश्न का अड्डा, केक काटकर मनाया युवक का बर्थडे, अब होगा एक्शन!
छात्र की तलाश अब NDRF और SDRF की टीमों ने संभाल ली है। टीमें रोहिन नदी के संभावित हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। नदी के आसपास के क्षेत्र में भी संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद छात्र का पता नहीं चलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
मौके पर सदर तहसीलदार पंकज शाही भी मौजूद हैं। वह राहत और खोज अभियान की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार घटनास्थल पर मौजूद हैं और छात्र से जुड़ी हर संभावित जानकारी जुटाने में लगी हैं। प्रशासन की ओर से नदी में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है। छात्र के मिलने तक खोज अभियान जारी रहने की बात कही जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 8 September 2026, 1:22 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Missing Student NDRF Search Operation Trimuhani Bridge Uttar Pradesh News