हिंदी
ससुर की निर्मम हत्या (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा में जमीनी विवाद ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। पुलिस के अनुसार आधी जमीन अपने नाम कराने की जिद में एक शिक्षामित्र बहू ने अपने तीन सहयोगियों के साथ मिलकर अपने ही ससुर की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाकर साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की गई, लेकिन महराजगंज पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, वाइपर और पोछा बरामद किया है।
ये भी पढ़ें - Maharajganj IT Raid: आयकर विभाग की बड़ी स्ट्राइक, दो बड़ी राइस मिलों पर एक साथ छापेमारी से हड़कंप
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में फरेंदा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 210/2026 के तहत आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक सच्चाराम गुप्ता की बहू शोभा गुप्ता, जो शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत है, लंबे समय से अपने हिस्से की आधी जमीन अपने नाम रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रही थी। मृतक का कहना था कि उसकी दो संतानें हैं और वह दोनों को बराबर हिस्सेदारी देगा। इसी विवाद को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था और मामला दीवानी न्यायालय तक पहुंच चुका था।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे शोभा गुप्ता ने बंटवारे की बात करने के बहाने अपने ससुर को घर बुलाया। वहां पहले से रमेश गुप्ता और कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे। बातचीत के दौरान शोभा ने सच्चाराम की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में तेज जलन के कारण जैसे ही वह जमीन पर गिरे, दोनों आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद शोभा ने कुदाल के लकड़ी के बेंत से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।
संपत्ति के लिए खूनी खेल! शिक्षामित्र बहू ने तीन साथियों संग रची ससुर की हत्या की साजिश, 4 घंटे में पुलिस ने खोला पूरा राज, डाइनामाइट न्यूज पर बहु ने उगले राज@maharajganjpol @Uppolice #Maharajganj pic.twitter.com/ByVBWnyPxM
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 31, 2026
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद धनई यादव ने सच्चाराम को मृत घोषित किया। इसके बाद चारों आरोपियों ने रात होने का इंतजार किया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से श्रीकांत चौहान को बुलाया गया। शव का चेहरा कपड़े से बांधकर उसे घसीटते हुए घर से बाहर ले जाया गया और पास के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया ताकि हत्या को दूसरी दिशा दी जा सके।
ये भी पढ़ें - Maharajganj IT Raid: आयकर विभाग की बड़ी स्ट्राइक, दो बड़ी राइस मिलों पर एक साथ छापेमारी से हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। मुख्य अभियुक्ता शोभा गुप्ता को उसके घर से तथा अन्य तीन आरोपियों को करहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा (कुदाल का बेंत), वाइपर और पोछा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 31 July 2026, 8:00 PM IST