हिंदी
लोनावला मर्डर केस पर पुलिस का बयान (Img- X)
Mumbai: महाराष्ट्र के लोनावला से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां परिवार ने जिसे महज एक अनहोनी या एक्सीडेंटल फायरिंग का रूप देने की कोशिश की थी, वह वास्तव में एक सोची-समझी हत्या निकली।
संपत्ति के पुराने विवाद के चलते 83 साल के बुजुर्ग दादा ने अपने ही 33 वर्षीय पोते, जो कि पेशे से वकील था, की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस की सतर्कता और क्राइम सीन पर मिले बारीक सबूतों ने इस खौफनाक वारदात की परतें खोल दी हैं।
सोमवार दोपहर लोनावला के एक स्थानीय अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि 33 वर्षीय वकील अभय मराठे की सीने में गोली लगने से मौत हो गई है। जब पुलिस अस्पताल पहुंची, तो परिजनों ने बेहद सफाई से कहानी सुनाई कि अभय अपने दादा की 12-बोर की लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे सीने में जा लगी। शुरुआती दौर में पुलिस ने इसे दुर्घटना मानकर कागजी कार्रवाई शुरू की, लेकिन सच कुछ और ही था।
मुंबई एयरपोर्ट का T-1 तोड़ने पर मचा बड़ा घमासान: एयरलाइंस और ऑपरेटर भिड़े, दिल्ली में आपात बैठक
जब मृतक अभय का शव पोस्टमार्टम के लिए पुणे के ससून जनरल अस्पताल लाया गया, तब ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल और उनकी टीम ने घाव का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, खुद से गलती से गोली चलने पर जख्म का निशान अलग होता है और किसी दुर्घटना में 12-बोर की राइफल से सीधी गोली सीने पर लगना लगभग नामुमकिन है। इसी शक के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत उस होटल पहुंची जहाँ यह घटना घटी थी।
होटल के काउंटर के पास पहुँचते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया। काउंटर की दीवार पर करीब 5 फीट की ऊंचाई तक खून के छींटे और बड़ा धब्बा मौजूद था। जांच में पता चला कि सोमवार सुबह 11:30 बजे प्रॉपर्टी बेचने को लेकर दादा मोतीराम मराठे और पोते अभय के बीच तीखी बहस हुई थी। बहस के दौरान जब अभय आगे बढ़ा, तो गुस्से में आकर 83 साल के मोतीराम ने राइफल निकालकर सीधे पोते के सीने में गोली उतार दी।
हत्या के तुरंत बाद अपराध को छुपाने के लिए परिजनों ने साजिश रची। उन्होंने अभय के शव को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया, होटल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर निकालकर गायब कर दिए तथा कर्मचारियों को मुंह बंद रखने की धमकी दी।
हालांकि, पुलिस ने इस खौफनाक वारदात का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी दादा मोतीराम मराठे और सबूत मिटाने में मदद करने वाले 4 अन्य रिश्तेदारों (राजश्री पवार, हिरामन मराठे, कविता मराठे और मनोज मराठे) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Location : Mumbai
Published : 7 October 2026, 1:09 PM IST