Jharkhand Drug Sieze: 47 लाख रुपये का अफीम और नशे का खेप जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश

झारखंड के चतरा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 47 लाख रुपये मूल्य का अफीम और डोडा जब्त किया है। एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी की गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 May 2026, 2:46 PM IST
google-preferred

Chatra: झारखंड के चतरा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 47 लाख रुपये मूल्य का अफीम और डोडा जब्त किया है। एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने बगरा-चतरा रोड स्थित बजराही मैदान में कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के बाद हुआ खुलासा

वहीं दो अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि बजराही के समीप कुछ लोग अवैध रूप से प्रतिबंधित अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस वाहन को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान सिमरिया थाना क्षेत्र के लुतीडीह गांव निवासी जीवलाल गंझु और इचाक कला गांव निवासी मो. फैजान मलिक के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार जीवलाल गंझु इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड है, जो अलग-अलग क्षेत्रों से अफीम और डोडा खरीदकर मो. फैजान के माध्यम से यूपी, बिहार समेत अन्य राज्यों में तस्करी करवाता है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तस्करों के पास से एक TVS XL100 लूना, लूना की डिक्की में प्लास्टिक के डब्बे में रखा 7 किलो 196 ग्राम अफीम तथा दो मोबाइल फोन बरामद किया है।

डोडा भी जब्त

इसके अलावा जीवलाल गंझु के घर से तीन प्लास्टिक बोरे में रखा 78.4 किलोग्राम डोडा भी जब्त किया गया है। एसपी ने बताया कि मौके से फरार तस्करों की पहचान हैदर खान उर्फ दीवान और दिलावर खान के रूप में हुई है। एसपी नें बताया कि फरार तस्करों के गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में सिमरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने कहा कि चतरा पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर तक फैला हुआ है और पूछताछ के आधार पर गिरोह के फ्रंट व बैक लिंकेज को खंगाला जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी हाल में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। अभियान में सिमरिया एसडीपीओ के अलावा अंचल अधिकारी सिमरिया, थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद शमी अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Location :  Jharkhand

Published :  25 May 2026, 2:45 PM IST

Advertisement