चाईबासा के इलेक्ट्रॉनिक चोरी कांड का खुलासा, साहेबगंज के चार आरोपी गिरफ्तार; कई अहम सामान बरामद

चक्रधरपुर की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई 44.64 लाख रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। तकनीकी जांच के दम पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 31 July 2026, 8:55 PM IST
google-preferred

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में हुई 44.64 लाख रुपये की बड़ी इलेक्ट्रॉनिक चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले साहेबगंज के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से जुड़े कई अहम सामान और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

दुकान के वेंटिलेटर से अंदर घुसे थे चोर

चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस वार्ता में बताया कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक के संचालक आशीष पाड़िया की शिकायत पर 25 जुलाई 2026 को चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि 23 और 24 जुलाई की रात चोर दुकान के पीछे बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।

ये भी पढ़ें- तालाब के किनारे दिखे दो शव, सिर पर गहरे वार के निशान… गांव में मची चीख-पुकार, पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच

वैज्ञानिक जांच से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने साहेबगंज जिले के रहने वाले चार आरोपियों- अलाउद्दीन शेख, उमर रजा उर्फ सबिर, महबूब आलम और असराउल अली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं।

आरोपियों से क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की सूची, घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान के आठ नए मोबाइल कवर बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी जांच में अहम कड़ी साबित होगी और चोरी गए बाकी सामान तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें- 18 का प्रेमी 30 की प्रेमिका…समाज बना दुश्मन तो बना उठाया दिल को झकझोर देने वाला कदम

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस का मानना है कि इस चोरी में केवल चार लोग ही शामिल नहीं थे। इसलिए गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी गए शेष इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।

Location :  Chaibasa

Published :  31 July 2026, 8:55 PM IST

Advertisement