सुबह बेटे को स्कूल भेजा, कुछ देर बाद आई अस्पताल से ऐसी खबर कि परिवार के पैरों तले खिसक गई जमीन; कैंटीन में खाई थी पेटीज

जयपुर के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं के छात्र प्रिंस सोनी की कैंटीन की पेटीज खाने के बाद संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया। घटना के बाद लोगों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया। पुलिस जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2026, 10:34 AM IST
google-preferred

Jaipur: जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में स्कूल कैंटीन से पेटीज खाने के बाद 12वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बृजमंडल कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय प्रिंस सोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लंच टाइम में कैंटीन से खरीदी थी पेटीज

घटना झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल की है। झोटवाड़ा थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार के मुताबिक, प्रिंस बुधवार को स्कूल में पढ़ने गया था। करीब 11 बजे लंच टाइम के दौरान उसने स्कूल कैंटीन से पेटीज खरीदकर खाई। इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।

परिजनों के अनुसार, पेटीज खराब और ज्यादा ऑयली थी। उनका आरोप है कि खाना प्रिंस के गले में अटकने के बाद उसकी हालत बिगड़ी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या थी, यह पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अस्पताल ले जाने में देरी का आरोप

प्रिंस के चाचा अनुराग सोनी ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि तबीयत बिगड़ने के बाद मौके पर मौजूद शिक्षकों ने सिर्फ उसकी पीठ थपथपाई और उसे बेंच पर लिटा दिया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर अस्पताल होने के बावजूद प्रिंस को तुरंत वहां नहीं ले जाया गया।

चाचा के मुताबिक, स्कूल स्टाफ ने परिजनों को फोन कर उन्हें चार पहिया वाहन से जल्द स्कूल पहुंचने के लिए कहा। उनका आरोप है कि प्रिंस को स्कूल की ओर से समय पर प्राथमिक उपचार भी नहीं दिया गया।

Delhi Metro: 15 अगस्त की सुबह बदल जाएगी मेट्रो की चाल, घर से निकलने से पहले जान लें ये बड़ा अपडेट

निजी अस्पताल से मणिपाल अस्पताल किया गया रेफर

परिजन स्कूल पहुंचे और प्रिंस को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मणिपाल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।

प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बलिया में रात के अंधेरे में हुआ जोरदार हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की टक्कर में युवक की मौत; साथी गंभीर

स्कूल पहुंचकर परिजनों और लोगों ने किया प्रदर्शन

प्रिंस की मौत से नाराज परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गुरुवार दोपहर कांटा चौराहा स्थित स्कूल पहुंचे। यहां लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत पेटीज खाने के बाद हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय कारण था, यह जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

Location :  Jaipur

Published :  14 August 2026, 10:29 AM IST

Advertisement