हिंदी
सहजनवा थाना क्षेत्र के महुआपार तेतरिया गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने शराब पीने से मना करने पर अपने ही पिता और छोटे भाई पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया…पढिए पूरी खबर
शराब के विवाद ने लिया हिंसक रूप
गोरखपुर: सहजनवा थाना क्षेत्र के महुआपार तेतरिया गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने शराब पीने से मना करने पर अपने ही पिता और छोटे भाई पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सहजनवा पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 83/2026 धारा 109, 352 बीएनएस के तहत विशाल निषाद (22 वर्ष) पुत्र रविन्द्र निषाद निवासी ग्राम महुआपार तेतरिया को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक शराब का आदी है और गुरुवार को वह शराब पीने की जिद कर रहा था। इसी दौरान उसकी मां (वादिनी) ने उसे शराब पीने से रोका, जिस पर वह भड़क उठा।
परिवार में चीख-पुकार
आरोप है कि विशाल ने गुस्से में आकर अपने पिता रविन्द्र निषाद और छोटे भाई विनय पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अपराधियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही सहजनवा पुलिस सक्रिय हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी विशाल निषाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक देवेन्द्र दुबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र यादव, कांस्टेबल विकास यादव एवं कांस्टेबल संजय यादव द्वितीय शामिल रहे।
पारिवारिक हिंसा की गंभीर समस्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर नशे की लत से उत्पन्न पारिवारिक हिंसा की गंभीर समस्या को उजागर किया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी।