हिंदी
लगातार दूसरा मैच जीता भारत
New Delhi: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को भारत ने ऐसा खेल दिखाया कि नामीबिया की टीम पूरी तरह बिखर गई। पहले बल्ले से हमला और फिर गेंद से कहर बरपाते हुए टीम इंडिया ने 93 रन की बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने साफ कर दिया कि वह इस टूर्नामेंट में किसी को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।
ईशान और हार्दिक का तूफानी शो
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत दमदार रही। ईशान किशन ने विकेटकीपर की जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया। उन्होंने आक्रामक अंदाज में अर्धशतक जमाया और पावरप्ले में ही मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या ने मिडिल ऑर्डर में आते ही बड़े शॉट्स की बारिश कर दी। उनकी ताबड़तोड़ पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम का आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
गेंदबाजों ने किया काम तमाम
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से सटीक लाइन-लेंथ रखी। बीच के ओवरों में अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने रन गति पर ब्रेक लगा दिया। विकेट लगातार गिरते रहे और नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। भारत ने यह मुकाबला 93 रन से अपने नाम कर लिया।
ग्रुप-A में भारत टॉप पर
इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। इससे पहले टीम ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था। लगातार दो जीत से टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। वहीं पाकिस्तान अब दूसरे स्थान पर खिसक गया है।
अब पाकिस्तान से हाई-प्रेशर मुकाबला
अब सबकी नजरें रविवार 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर हैं। यह मैच दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई जैसा होगा। फैंस को एक और रोमांचक टक्कर की उम्मीद है और टीम इंडिया इस लय को बरकरार रखना चाहेगी।
Location : New Delhi
Published : 12 February 2026, 10:43 PM IST