इंडिगो में नौकरी पक्की है… इस एक भरोसे ने गंवा दिए लाखों रुपये, पढ़ें गोरखपुर के ठगी की कहानी

एक शादी समारोह में हुई मुलाकात ने एक बेरोजगार युवक को ऐसे जाल में फंसा दिया, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। एयरलाइन में नौकरी दिलाने का भरोसा इतना मजबूत था कि युवक ने लाखों रुपये तक भेज दिए।

Gorakhpur: नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 1.62 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गीडा थाना पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रोजगार की तलाश में था युवक

जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ गांव निवासी शुभम उपाध्याय पुत्र चंद्रमोहन उपाध्याय रोजगार की तलाश में थे। उनकी मुलाकात 17 नवंबर 2024 को गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र के मोसनड़ी निवासी करुणेश मिश्रा और उनकी पत्नी साक्षी उपाध्याय से हुई। बातचीत के दौरान दंपत्ति ने शुभम को इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

हापुड़ में अपराधियों के हौसले बुलंद, गश्त कर रहे दो पुलिस वालों पर किया कातिलाना हमला; दोनों की हालत नाजुक

नौकरी के नाम पर लाखों की मांग

आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर दंपत्ति ने कुल 2.50 लाख रुपये की मांग की। उनकी बातों पर विश्वास कर शुभम ने विभिन्न तिथियों पर ऑनलाइन माध्यम से रकम भेजनी शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 को 25 हजार रुपये, 26 दिसंबर को 34 हजार रुपये, 9 जनवरी 2025 को 7 हजार रुपये, 2 फरवरी को 5 हजार रुपये तथा 10 फरवरी को 91 हजार रुपये आरोपी दंपत्ति के खाते में स्थानांतरित किए गए। इस प्रकार कुल 1 लाख 62 हजार रुपये का भुगतान किया गया।

कैसे हुई फर्जीवाड़े की आशंका?

शुभम ने बताया कि आरोपियों ने कहा था कि नौकरी के लिए साक्षात्कार और अन्य औपचारिकताएं फोन के माध्यम से पूरी करा दी जाएंगी। समय बीतने के बावजूद नियुक्ति संबंधी कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। इस बीच आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए पहचान पत्र और दस्तावेज संदिग्ध प्रतीत होने लगे। जांच करने पर उन्हें फर्जीवाड़े की आशंका हुई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने नौकरी और जमा धनराशि के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में रुपये वापस मांगने पर आरोपियों का व्यवहार बदल गया और वे विवाद पर आमादा हो गए।

Deoria Police Action: देवरिया में अपराधियों की खैर नहीं, पॉक्सो आरोपी समेत 4 वांछित अपराधी गिरफ्तार

पीड़ित ने थाने में की शिकायत

खुद को ठगी का शिकार समझते हुए शुभम ने गीडा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी करुणेश मिश्रा और साक्षी उपाध्याय के खिलाफ जालसाजी एवं धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 June 2026, 6:02 PM IST

Advertisement