बिजली उपकेंद्र पर आखिर किसने मचाया बवाल? कर्मचारियों को धमकी और जातिसूचक टिप्पणी से हड़कंप

गोरखपुर के गोला बाजार विद्युत उपकेंद्र पर सरकारी कार्य में बाधा, कर्मचारियों को धमकी और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बिजली विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।

Gorakhpur: गोरखपुर के गोला बाजार विद्युत उपकेंद्र पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों को धमकी देने और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में कोतवाली गोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भय का माहौल बताया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पीक आवर में शटडाउन का बनाया जा रहा था दबाव

एफआईआर के अनुसार गोला क्षेत्र निवासी रामप्रताप राय पर आरोप है कि वह अक्सर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर पीक आवर में नियमों के विपरीत शटडाउन देने का दबाव बनाते थे। विभागीय कर्मचारियों के विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की जाती थी।

कर्मचारियों को दी गई जान से मारने की धमकी

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित एसएसओ और लाइन कर्मचारियों को भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं। इतना ही नहीं, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना 25 मई की शाम करीब 5:15 बजे की बताई गई है।

सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

बिजली विभाग के अधिकारियों ने शिकायत में कहा है कि आरोपी द्वारा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा था, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा था। अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ करने पर सरकारी कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और धन उगाही की कोशिश की गई।

संविदा कर्मचारी के साथ भी अभद्रता

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक संविदा कर्मचारी बलजीत कुमार के साथ भी कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणी की गई और धमकी दी गई। इससे कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है।

यूपी में मौसम का डबल अटैक, बांदा में झुलसाती गर्मी और पूर्वांचल में तूफानी बारिश ने लोगों को चौंकाया

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में अवर अभियंता गोला ग्रामीण, अवर अभियंता गोला तहसील और उपखंड अधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त शिकायत दी। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर Uttar Pradesh Police की कोतवाली गोला पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 May 2026, 8:38 AM IST

Advertisement