हिंदी
यातायात पुलिस एक्शन में (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रेलवे स्टेशन मार्ग समेत शहर के प्रमुख इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 981 वाहनों का चालान कर 53 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
यातायात निरीक्षक मनोज कुमार राय, टीआई बीर बहादुर सिंह, टीआई जगमोहन राय और यातायात पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े वाहन, जाम और यातायात बाधा का कारण बने मिले। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 61 तीन और चार पहिया वाहनों का चालान किया।
घाटों पर बैरिकेडिंग, गांवों में अलर्ट… गोरखपुर में हादसे रोकने की बड़ी मुहिम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 12 चार पहिया वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर यातायात यार्ड भेजा गया और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क पर वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। चेकिंग के दौरान एक बस चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब या नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यात्रियों और आम लोगों की जान को भी खतरे में डालता है।
गोरखपुर जेल में सपा कार्यकर्ता से मिले माता प्रसाद पांडे, बीजेपी सरकार पर कसा ये तंज
यातायात पुलिस का यह अभियान विशेष रूप से ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था को नियंत्रित करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 27 May 2026, 5:08 AM IST