हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। जगह-जगह पर बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं और कई स्थानों पर लोगों ने बिजली सब स्टेशनों का घेराव भी किया। बढ़ती शिकायतों और जनआक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच अब विद्युत विभाग ने भी लोगों से बिजली बचाने की अपील की है।
बिजली विभाग की ओर से एक ऑडियो संदेश जारी किया गया है, जिसमें लोगों से जिम्मेदार उपभोक्ता बनने की अपील की गई है। संदेश में कहा गया है कि “बिजली तार से नहीं, तहजीब से भी आती है।” विभाग ने लोगों से कहा है कि वे बिजली का उपयोग जरूरत के अनुसार करें और अनावश्यक खपत से बचें।
विभाग ने अपील करते हुए कहा है कि लोग बेवजह बिजली न जलाएं और एयर कंडीशनर को 24 डिग्री तापमान पर चलाएं। इसके अलावा एसी और पानी की मोटर का सीमित उपयोग करने की भी सलाह दी गई है ताकि बिजली पर अतिरिक्त दबाव कम हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनता से बिजली बचाने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग उतनी ही बिजली का उपयोग करें जितनी वास्तव में आवश्यकता हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर घर में कोई मौजूद न हो तो पंखा और एसी बंद रखें। साथ ही घरों में डेकोरेशन लाइट का उपयोग न करने की सलाह भी दी गई है।
सरकार का मानना है कि यदि लोग जिम्मेदारी से बिजली का उपयोग करेंगे तो प्रदेश में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
विद्युत विभाग ने गर्मियों के दौरान बिजली की बचत और सुरक्षित उपयोग के लिए कई जरूरी सुझाव जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि दिन में अनावश्यक रूप से लाइट, पंखे और एसी चालू न रखें। एक साथ ज्यादा भारी बिजली उपकरण चलाने से भी बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि अधिक लोड से ट्रांसफॉर्मर जलने का खतरा बढ़ जाता है।
इसके अलावा खराब वायरिंग और ढीले कनेक्शन तुरंत ठीक कराने को कहा गया है ताकि लाइन फॉल्ट की घटनाएं कम हों। विभाग ने कटिया और अवैध बिजली उपयोग को भी बिजली संकट की बड़ी वजह बताया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी से लाइन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है और फॉल्ट की समस्या बढ़ जाती है।
UP Power Crisis: 48 डिग्री के टॉर्चर में न कटे बिजली; यूपी में पावर कट से परेशान लोग, CM ने दी राहत
बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने शहरों में 24 घंटे और गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और फीडर वाइज मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि बिजली से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार और बिजली विभाग अब जनता के सहयोग से गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं।
Location : Lucknow
Published : 27 May 2026, 8:34 AM IST