यूपी में मौसम का डबल अटैक, बांदा में झुलसाती गर्मी और पूर्वांचल में तूफानी बारिश ने लोगों को चौंकाया

उत्तर प्रदेश में मौसम ने दो अलग रंग दिखाए। बांदा में तापमान 47.4 डिग्री पहुंचकर लोगों को झुलसाता रहा, जबकि गोरखपुर में बारिश और आंधी से मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने 28 मई से बड़े बदलाव और तेज आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है।

Updated : 27 May 2026, 8:14 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ रुहेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक आंधी और बारिश ने मौसम को कुछ हद तक राहतभरा बना दिया है। सोमवार आधी रात के बाद कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

बांदा सबसे गर्म, आगरा भी तपिश से बेहाल

प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का कहर लगातार जारी है। बुंदेलखंड के बांदा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं आगरा में भी पारा 45.3 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिनभर चल रही गर्म पछुआ हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में तापमान 47 डिग्री पार होने के आसार

गोरखपुर में बारिश से तापमान गिरा

इसके विपरीत पूर्वांचल के कई हिस्सों में मौसम नरम रहा। गोरखपुर में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार रुहेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों में सोमवार रात से आंधी और बारिश का असर देखने को मिला, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

28 मई से बदलेगा मौसम

आईएमडी लखनऊ के मुताबिक 28 मई से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश समेत पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह बदल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके चलते तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान की तरफ से चल रही गर्म और सूखी पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली पुरवा हवाओं का असर फिलहाल बेहद कम है, जिससे हवा में नमी घट गई है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को हवा की आर्द्रता न्यूनतम 14 फीसदी दर्ज की गई। कम नमी के कारण दिन के समय तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है।

UP Weather Update: चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से बेहाल लोग, यूपी के इन जिलों में अलर्ट जारी

आंधी-बारिश से 10 लोगों की मौत

प्रदेश में आंधी और बारिश का कहर भी देखने को मिला। अलग-अलग जिलों में हादसों के कारण 10 लोगों की जान चली गई। संतकबीरनगर और बस्ती में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि सीतापुर में दीवार गिरने से वृद्धा समेत दो लोगों ने दम तोड़ दिया। शाहजहांपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई। खीरी में खेत में फंसे किसान की तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। वहीं गोंडा में छप्पर और पेड़ गिरने से दो बुजुर्गों की मौत हो गई।

Location :  Lucknow

Published :  27 May 2026, 8:14 AM IST

Advertisement