UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी, कई जिलों में तापमान 47 डिग्री पार होने के आसार

उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार जानलेवा होती जा रही है। बांदा 46.4 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले चार दिनों तक भीषण लू और तापमान 47 डिग्री पार होने की चेतावनी दी है।

Updated : 18 May 2026, 8:09 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई जिलों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। भीषण गर्मी के साथ लू और कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। इसके चलते अगले चार से पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। तेज धूप और विकिरणीय ऊष्मन के कारण तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हिस्सों से लू का एक नया दौर शुरू होगा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

UP Weather Today: यूपी के 17 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, कानपुर-वाराणसी समेत कई शहरों में बदलेगा मौसम

19 से 22 मई तक चलेगी लू

मौसम विभाग के अनुसार 19 मई से 22 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलेगी। दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं भीषण लू की स्थिति बनने की आशंका है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।

बांदा देश में सबसे गर्म

रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला पूरे देश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 46 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं झांसी में 44.6 डिग्री, प्रयागराज में 44.5 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

UP Weather: यूपी में फिर लौटेगी भीषण गर्मी, लखनऊ समेत 30 जिलों में लू का अलर्ट, जानें आज का ताजा अपडेट

केरल में 26 मई तक मानसून पहुंचने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 16 मई को दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार क्षेत्र के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Location :  Lucknow

Published :  18 May 2026, 8:09 AM IST

Advertisement