RCB In IPL 2026 Final: गुजरात टाइटंस को हराकर 5वीं बार फाइनल में पहुंची बेंगलुरु, भुवनेश्वर कुमार को मिली पर्पल कैप

IPL 2026 के पहले क्वालीफायर में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। कप्तान रजत पाटीदार की 93 रनों की तूफानी पारी और जैकब डफी की घातक गेंदबाजी के दम पर बेंगलुरु ने इतिहास रच दिया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 May 2026, 9:07 AM IST
google-preferred

New Delhi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) ने IPL 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 92 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दे दी है। इस धमाकेदार जीत के साथ ही बेंगलुरू इस सीजन के फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है। मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के सामने 255 रनों का रिकॉर्ड और बेहद कड़ा लक्ष्य रखा था।

जवाब में रनों के पहाड़ जैसे दबाव को झेलने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम महज 162 रनों पर ढेर हो गई। कप्तान रजत पाटीदार की 93 रनों की आतिशी कप्तानी पारी और उसके बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने आरसीबी को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई है।

31 मई को खिताब बचाने उतरेगी बेंगलुरु

पहला क्वालीफायर जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने सीधे फाइनल का टिकट कटा लिया है। अब वह 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चमचमाती ट्रॉफी के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगी। कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 93 रनों की पारी ने बेंगलुरू की जीत की मजबूत नींव रखी थी, जिसके बाद बेंगलुरू के लगभग सभी गेंदबाजों ने शानदार लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की और गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे।

इतिहास में 5वीं बार फाइनल का टिकट

आईपीएल के इतिहास में यह कुल पांचवीं बार है जब बेंगलुरू की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया है। आरसीबी ने इससे पहले साल 2009, 2011, 2016, 2025 और अब 2026 में लगातार दूसरी बार फाइनल का सफर तय किया है। लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने के मामले में अब आरसीबी तीसरे स्थान पर आ गई है।

RCB vs GT महामुकाबला: इतिहास में दोनों टीमों के बीच 4-4 की बराबरी, पहले क्वालिफायर में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

इस सूची में केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही उससे आगे हैं। इसके साथ ही पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी डिफेंडिंग चैंपियन होते हुए फाइनल में जगह बनाने वाली इतिहास की केवल तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ मुंबई और चेन्नई ही कर सकी थीं।

रजत पाटीदार का बल्ले से कोहराम

बेंगलुरू की इस विशाल जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान रजत पाटीदार रहे। उन्होंने मैदान के चारों कोने में शॉट लगाते हुए महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान पाटीदार ने 5 शानदार चौके और 9 गगनचुंबी छक्के जड़े। उनके अलावा टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 43 रन और ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने भी 43 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देकर स्कोर को 250 के पार पहुंचाया।

हारने के बाद भी RCB की निकल पड़ी! अब फाइनल का टिकट पाने के लिए मिलेंगे दो मौके, जानें क्या कहता है नियम?

गुजरात के बल्लेबाज रहे फ्लॉप

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की ओर से केवल राहुल तेवतिया ही अकेले संघर्ष करते नजर आए। तेवतिया ने 43 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली, जो इस पूरे सीजन में उनकी पहली अर्धशतकीय पारी रही। सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने 29 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा बाकी सभी बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए।

आरसीबी की तरफ से जैकब डफी ने अपने शुरुआती स्पेल में ही गुजरात के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया और मैच में कुल 3 विकेट चटकाए। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए और एक बार फिर से सीजन की पर्पल कैप हासिल कर ली।

Location :  New Delhi

Published :  27 May 2026, 9:07 AM IST

Advertisement