Facebook वाली दोस्ती से सावधान! अमेरिका से आई महिला ने दोस्ती का ऐसा बिछाया जाल, युवक से की लाखों की ठगी

गोरखपुर में फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती एक युवक को बेहद महंगी पड़ गई। अमेरिका की रहने वाली बताई गई महिला ने भारत आने और दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान फंसने की कहानी सुनाई। इसके बाद कस्टम और दूसरी औपचारिकताओं के नाम पर युवक से बार-बार पैसे मंगवाए गए।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने खुद को अमेरिका की निवासी बताते हुए पहले युवक से दोस्ती की और बाद में दिल्ली एयरपोर्ट पर सामान फंसने का झांसा देकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में 15 लाख 20 हजार 399.88 रुपये ट्रांसफर करा लिए।

रकम गंवाने के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। उसकी तहरीर पर खजनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक दोस्ती से हुई शुरूआत

खजनी थाना क्षेत्र के खोरिया उर्फ भीटी गांव निवासी इंद्रलाल जायसवाल पुत्र दीपचंद जायसवाल ने रविवार को पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि फेसबुक के माध्यम से उनकी दोस्ती चार्लोट ओलिविया नाम की महिला से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर महिला ने खुद को अमेरिका की रहने वाली बताया। उसने यह भी बताया कि वह वर्तमान में सीरिया में काम कर रही है और भारत घूमने की इच्छा रखती है। लगातार बातचीत के जरिए उसने इंद्रलाल का विश्वास हासिल कर लिया।

ये भी पढ़ें- ‘आओ और हमारी लाशें ले जाओ!’ पिता को मैसेज भेज नौसेना जवान ने मिटा दिया पूरा परिवार, पढ़ें मुंबई की ये खौफनाक वारदात

पीड़ित ने बताई पूरी राम कथा

पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद महिला ने बताया कि वह भारत पहुंचकर दिल्ली एयरपोर्ट पर है। इसी दौरान उसने दावा किया कि एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसका सामान रोक लिया है। सामान छुड़ाने के लिए कस्टम और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर रुपये जमा करने की जरूरत बताई गई। महिला की बातों पर भरोसा कर इंद्रलाल उसके बताए बैंक खातों में रकम भेजते चले गए।

शुरुआत में छोटी-छोटी रकम ट्रांसफर कराने के बाद ठगों ने अलग-अलग कारण बताकर लगातार पैसे की मांग की। पीड़ित को उम्मीद थी कि सामान छुड़ाने के बाद महिला उसे रकम वापस कर देगी। इसी भरोसे में उन्होंने कुल 15,20,399.88 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद महिला से संपर्क और रकम वापसी को लेकर स्थिति संदिग्ध होने लगी, तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।

ये भी पढ़ें- चुनावी मुकदमों की वापसी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, उम्मीदवारों के केस वापस लेने से पहले हाई कोर्ट की मंजूरी जरूरी

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की। खजनी के थानाध्यक्ष जयंत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 August 2026, 1:01 PM IST

Related News

Advertisement