हिंदी
जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिजनपुर में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पढिए पूरी खबर
इलाज के दौरान युवक की मौत
गोरखपुर: जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिजनपुर में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को ग्राम हरिजनपुर में एक शादी समारोह आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मुकदमा पंजीकृत
घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिकरीगंज पर मु0अ0सं0 35/2026 धारा 131, 115(2), 103(1), 190, 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
आरोपितों की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त आकाश चौहान पुत्र शिवदास चौहान निवासी हरिजनपुर थाना सिकरीगंज तथा बॉबी चौहान पुत्र वीरेंद्र चौहान निवासी हरिजनपुर थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील
एक बार फिर यह घटना बताती है कि शादी-ब्याह जैसे मांगलिक अवसरों पर छोटी-सी कहासुनी भी किस तरह बड़े हादसे का रूप ले सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि समारोहों में संयम बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में नही लेगा।