“तू मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं हो सकती” इतना बोलकर 8 साल पुराने प्रेमी ने कर दिया महबूबा का मर्डर

रमी कुमारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती और आरोपित राजा कुमार के बीच आठ साल से प्रेम प्रसंग था। मार्च में रमी की शादी तय होने के बाद हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपित के पिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और फरार प्रेमी की तलाश जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 7:08 PM IST
google-preferred

Patna News: बिहार के गोपालगंज जिले में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जादोपुर थाना क्षेत्र के जगीरी टोला गांव में हुई इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। युवती की शादी कहीं और तय होने से नाराज उसके प्रेमी ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद से आरोपित प्रेमी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान जगीरी टोला निवासी दुधनाथ सिंह की पुत्री रमी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमी और आरोपित राजा कुमार के बीच करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को जानते थे और लंबे समय से बातचीत करते थे। इसी बीच रमी के स्वजन ने उसकी शादी तय कर दी थी। आगामी मार्च महीने में उसकी शादी होनी थी। शादी तय होने की जानकारी मिलने के बाद से राजा कुमार नाराज चल रहा था।

आठ साल का प्रेम संबंध, शादी तय होने के बाद बढ़ी नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजा कुमार और रमी कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के संबंधों की चर्चा गांव में भी थी। इसी बीच रमी के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। बताया जा रहा है कि मार्च में उसकी शादी होनी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राजा कुमार ने रमी की हत्या की साजिश रची और मौका मिलने पर उसे गोली मार दी।

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित राजा कुमार गांव में पीडीएस की दुकान चलाता है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घर से कुछ दूरी पर मारी गोली (Image: Dynamite News)

घर से कुछ दूरी पर मारी गोली (Image: Dynamite News)

घर से कुछ दूरी पर मारी गोली

वारदात घर से कुछ ही दूरी पर हुई। आसपास के लोगों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज सुनी। फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जब तक घटनास्थल की ओर पहुंचते, तब तक रमी की गोली मारकर हत्या की जा चुकी थी।

घर के नजदीक हुई इस घटना के बाद मृतका के स्वजन में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में हत्या की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के इलाकों में भी सनसनी फैल गई।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर जादोपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और आरोपित की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपित के पिता समेत तीन लोग हिरासत में

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित राजा कुमार के पिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। दूसरी ओर, फरार राजा कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा, पुलिस की कई टीमें जुटी

सदर एसडीपीओ-1 चंदन कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद डीआईयू टीम, जादोपुर थाना पुलिस और नगर थाना पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चला रही हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी किए जाने की बात कही है।

Location :  Patna

Published :  23 November 2026, 7:08 PM IST

Advertisement