दोस्ती, धर्मांतरण और ब्लैकमेल… मिर्जापुर ‘जिम जिहाद’ केस में बड़ा एक्शन, 10 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में कथित ‘जिम जिहाद’ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी इमरान खान समेत 10 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह जिम में आने वाली हिंदू लड़कियों को निशाना बनाकर दोस्ती, धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग का खेल चला रहा था।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 May 2026, 5:30 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सामने आए कथित ‘जिम जिहाद’ मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों के खिलाफ गिरोहबंद और समाज-विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम यानी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि यह कोई सामान्य मामला नहीं था, बल्कि जिम की आड़ में लड़कियों को फंसाने, उनका धर्मांतरण कराने और फिर ब्लैकमेल करने का संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मास्टरमाइंड इमरान खान था, जो अपने साथियों के साथ मिलकर जिम में आने वाली हिंदू महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाता था। मामले में मौलाना खलीलुद्दीन का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और फिलहाल मिर्जापुर जिला कारागार में बंद हैं।

दोस्ती से शुरू होता था पूरा खेल

पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, उन्होंने लोगों को हैरान कर दिया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य पहले जिम में आने वाली लड़कियों से दोस्ती करते थे। धीरे-धीरे उन्हें अपने विश्वास में लिया जाता और फिर उन्हें गुमराह कर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया जाता था। पुलिस के अनुसार, लड़कियों को बुर्का पहनाया जाता और उनसे कलमा पढ़वाया जाता था। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह पूरा काम बेहद सुनियोजित तरीके से किया जा रहा था ताकि किसी को शक न हो।

मिर्जापुर कलेक्ट्रेट में सराफा एसोसिएशन संग बैठक, डीएम बोले- पुराने गहनों के बदले नए गहनों को दें बढ़ावा

आपत्तिजनक वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल

इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू ब्लैकमेलिंग का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिम ट्रेनिंग और रिश्तों के बहाने लड़कियों को अपने जाल में फंसाते थे। फिर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए जाते थे। इसके बाद इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को दिखाकर लड़कियों पर दबाव बनाया जाता था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई पीड़िताओं से पैसे भी ऐंठे गए। पुलिस का कहना है कि गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था।

छह हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अदालत में करीब छह हजार पन्नों का आरोप-पत्र दाखिल किया है। इसमें जांच के दौरान जुटाए गए सबूत, बयान और तकनीकी साक्ष्य शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य मिले हैं और इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस गिरोह का नेटवर्क दूसरे जिलों तक भी फैला हुआ था।

मिर्जापुर में धर्मांतरण : लड़कियों की वीडियो बनाकर… पांच जिमों से जुड़ा मामला

जेल में बंद हैं सभी आरोपी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी इमरान खान और मौलाना खलीलुद्दीन समेत सभी 10 आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। अब गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

Location :  Mirzapur

Published :  20 May 2026, 5:30 PM IST

Advertisement