हिंदी
बैठक
Mirzapur : मिर्जापुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सराफा व्यापारियों और सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारी, बुलियन कारोबारी और स्थानीय स्वर्ण-रजत व्यवसायी भी मौजूद रहे। इस दौरान देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विदेशी मुद्रा पर दबाव कम करने और सोने के आयात में संतुलन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और बढ़ते आयात से विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के चलते सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। जिसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है।
पुराने गहनों के बदले नए गहनों को बढ़ावा देने की अपील
डीएम ने सराफा व्यापारियों से अपील की कि वे पुराने गहनों के बदले नए गहनों की बिक्री को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर तैयार किए जा सकते हैं, जिससे रिटेल ज्वेलरी बाजार को बढ़ावा मिलेगा और अनावश्यक बुलियन खरीद पर भी नियंत्रण संभव होगा।
मिर्जापुर में रिजल्ट से आहत 18 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
बैठक में मौजूद सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की अपील का समर्थन किया और राष्ट्रहित में सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कहा कि उनका अधिकांश कारोबार ज्वेलरी एक्सचेंज पर आधारित है और वे सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन व्यापारिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए हर संभव सहयोग देगा। बैठक में जनगणना अभियान और भीषण गर्मी को देखते हुए दुकानों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित व्यापारियों ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशहित में सहयोग का संकल्प दोहराया। डीएम ने कहा कि सभी वर्गों के सहयोग से ही आर्थिक स्थिरता और विकास को गति दी जा सकती है।
Location : Mirzapur
Published : 19 May 2026, 2:46 PM IST