देवरिया में अधूरे मोहन सेतु को लेकर सपा का प्रदर्शन, नेता बोले- जनता से हो रहा छल

देवरिया में लंबे समय से अधूरे पड़े मोहन सेतु निर्माण को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 20 May 2026, 4:45 PM IST
google-preferred

देवरिया में अधूरे पड़े मोहन सेतु का मुद्दा सियासी रंग पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोहन सेतु पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सेतु निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।

विजय रावत के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व सपा नेता विजय रावत ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मोहन सेतु निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद बरहज तहसीलदार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई।

धरने को संबोधित करते हुए विजय रावत ने कहा कि मोहन सेतु का निर्माण वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से हजारों लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ घोषणाएं और वादे कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।

“सरकार विकास नहीं, राजनीति कर रही”

सपा नेता विजय रावत ने कहा कि यदि मोहन सेतु का निर्माण पूरा हो जाता है तो बरहज और आसपास के कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। आवागमन आसान होगा और स्थानीय व्यापार को भी फायदा मिलेगा, लेकिन सरकार इस अहम मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है।

देवरिया में दर्दनाक हादसा: बीमार भांजे को दवा दिलाकर लौट रही थी मौसी, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, इकलौते मासूम की मौत

वहीं सपा नेता रणविजय सिंह ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर जाति और धर्म की राजनीति कर रही है। जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरने के दौरान सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो पार्टी सड़क से लेकर बड़ा आंदोलन करेगी। विजय रावत ने कहा कि जरूरत पड़ी तो जल सत्याग्रह भी किया जाएगा। प्रदर्शन में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मोहन सेतु निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।

Location :  Deoria

Published :  20 May 2026, 4:44 PM IST

Advertisement