हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Fatehpur: फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र में 15 हजार रुपये की मजदूरी मांगना एक हलवाई के लिए कथित तौर पर मुसीबत बन गया। कबाड़ी मार्केट निवासी मोहम्मद अकरम ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि मजदूरी के रुपये मांगने पर उसे जान से मारने और फर्जी गौकशी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मद अकरम के मुताबिक वह शादी-विवाह में खाना बनाने और बिरयानी का ठेला लगाने का काम करता है। उसकी पत्नी खुर्शीद घर पर परचून की दुकान चलाती है। अकरम का आरोप है कि मोहल्ले के ही फरीद उर्फ पुन्ना की बहन तन्ना की शादी 7 अप्रैल 2025 को हुई थी।
शादी में अकरम ने हलवाई का काम किया था, जिसके बदले 15 हजार रुपये मजदूरी तय हुई थी। आरोप है कि लंबे समय से रुपये मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि मजदूरी मांगने पर फरीद उर्फ पुन्ना कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। अकरम के अनुसार 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे उसे फोन किया गया।
आरोप है कि फोन पर उसे रुपये भूल जाने की बात कहते हुए जान से मारने और फर्जी गौकशी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि उसके पास इस धमकी से जुड़ा प्रमाण भी मौजूद है।
अकरम ने बताया कि धमकी मिलने के बाद उसने पुलिस की 112 सेवा पर फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के वहां से जाने के बाद फरीद उर्फ पुन्ना और उसके भाई अद्दी ने परिवार के साथ फिर गाली-गलौज की।
इसके बाद अकरम ने रात में ही कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। हालांकि, उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले में अब अकरम ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित ने धमकी से जुड़े प्रमाण होने की बात भी कही है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मजदूरी विवाद से शुरू हुआ यह मामला अब कथित धमकी और फर्जी मुकदमे में फंसाने के आरोपों तक पहुंच गया है।
Location : Fatehpur
Published : 16 September 2026, 2:06 PM IST