हिंदी
पत्नी की मौत के दो दिन बाद युवक ने भी दी जान
Noida: सूरजपुर में एक 21 साल के युवक की मौत हो गई। युवक ने फांसी लगाकर अपनी जिंदगी को छोड़ दिया। यह घटना बेहद दर्दनाक है, क्योंकि युवक की मौत से 2 दिन पहले उसकी पत्नी ने भी दुनिया छोड़ दी थी। लगातार दो मौतों से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के बाफर गांव निवासी सौरभ पुत्र गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह सूरजपुर कस्बे में किराये के कमरे में रह रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम कुंज स्थित एक मकान में रहने वाले युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा में हुजैफ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, जिगरी दोस्त और सोने के कंगन बने वारदात की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि सौरभ की पत्नी की भी दो दिन पहले मौत हो गई थी। वह नॉलेज पार्क क्षेत्र में रह रही थी। दोनों ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच एक व्हाट्सएप चैट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद पत्नी की मौत की घटना सामने आई थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि पत्नी की मौत के बाद सौरभ काफी तनाव में था। इसके अलावा यह भी जानकारी मिली है कि मृतका के परिजन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे। इन परिस्थितियों के चलते वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है।
Location : Greater Noida
Published : 16 June 2026, 10:19 AM IST