हिंदी
मोबाइल चलाते समय गहरे कुएं में गिरा व्यक्ति (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति गहरे कुएं के पास बैठकर मोबाइल चला रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में जा गिरा। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने तत्काल व्यक्ति को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुआं काफी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब चार घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल अवस्था में उसे देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, व्यक्ति के पास मौजूद मोबाइल फोन भी कुएं में पानी में गिरने के कारण बंद हो गया है। पुलिस मोबाइल को दुरुस्त कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके जरिए मृतक की पहचान हो सके। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Deoria: मेडिकल स्टोर्स में अचानक घुसे ड्रग इंस्पेक्टर, फिर जो सामने आया, देख उड़ गए सबके होश
महुआडीह थाना पुलिस अब मृतक की पहचान कराने के साथ ही उसके परिजनों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
Location : Deoria
Published : 9 August 2026, 12:09 PM IST