Deoria Crime News: खेत से मोटर पंप चुराने वाले अनिकेत और कृष्णा गिरफ्तार, मदनपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

देवरिया जिले की मदनपुर थाना पुलिस ने खेत से चोरी हुए मोटर पंप के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 7 July 2026, 9:07 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की मदनपुर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का तेजी से खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया मोटर पंप भी बरामद कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेन्द्र राय द्वारा की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल आरोपी ग्राम बहसुआ के बगीचे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना मदनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत यादव और कृष्णा यादव उर्फ बड़े के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया मोटर पंप बरामद कर लिया गया।

खेत से चोरी किया था मोटर पंप

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 5 जुलाई की रात थाना मदनपुर क्षेत्र के ग्राम कोल्हुआ निवासी अनुराग पांडेय के खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप की चोरी की थी। वारदात के बाद आरोपी मोटर पंप को छिपाकर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

24 घंटे में हुआ मामले का खुलासा

पीड़ित अनुराग पांडेय की तहरीर पर 6 जुलाई को मदनपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बरामद मोटर पंप को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि उनका किसी अन्य चोरी की घटना से भी संबंध तो नहीं है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी।

Location :  Deoria

Published :  7 July 2026, 9:07 PM IST

Related News

Advertisement