देवरिया में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर DM-SP का बड़ा बयान, पत्थरबाजों पर होगी सख्त कार्रवाई, गांव में हालात सामान्य

देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी करने वालों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 July 2026, 7:59 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में अंबेडकर प्रतिमा को लेकर हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना पर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी घायल हुए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी खलिहान की भूमि पर रखी गई थी प्रतिमा

जिलाधिकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में सरकारी खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रखी गई है। सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों से बातचीत की। अधिकारियों का कहना है कि बातचीत के बाद प्रतिमा रखने वाले लोग उसे सम्मानपूर्वक हटाने के लिए सहमत हो गए थे।

देवरिया में अंबेडकर प्रतिमा हटाने पर बवाल, पुलिस और ग्रामीणों के बीच पथराव, कई जवान घायल

बातचीत के दौरान हुई पत्थरबाजी

प्रशासन के मुताबिक, प्रतिमा हटाने की प्रक्रिया के दौरान मौके पर मौजूद कुछ अराजक तत्वों ने अचानक ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस घटना में प्रशासन और पुलिस के कई कर्मियों को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

हमलावरों की पहचान कर होगी कार्रवाई

संयुक्त बयान में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्थरबाजी और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज और अन्य प्रमाणों के आधार पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

देवरिया में तेज रफ्तार का कहर, फोर व्हीलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई भी होगी

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि यदि इस पूरे घटनाक्रम में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गांव में स्थिति सामान्य

प्रशासन के अनुसार, फिलहाल लवकनी गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Location :  Deoria

Published :  30 July 2026, 7:59 PM IST

Advertisement