हिंदी
प्रेम प्रसंग की रंजिश में पीट-पीटकर हत्या (Image Source: Google)
Panipat: हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना क्षेत्र के मांडी गांव निवासी 22 वर्षीय नरेश उर्फ नंदू की दिल्ली के टिकरी गांव में कथित प्रेम प्रसंग की रंजिश में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना ने दोनों राज्यों में सनसनी फैला दी है।
परिजनों के अनुसार नरेश पिछले दो वर्षों से टिकरी गांव में अपने ताऊ के बेटों सोनू और मोहित के साथ रहकर वेंडर की दुकान पर काम सीख रहा था। इसी दौरान उसकी गांव की एक युवती से दोस्ती हो गई थी। करीब छह माह पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था कि युवक और युवती एक-दूसरे से न मिलेंगे और न ही बातचीत करेंगे।
इसके बावजूद पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई। आरोप है कि 5 फरवरी की शाम करीब छह बजे युवती के परिजन नरेश को दुकान से जबरन अपने घर ले गए, जहां पहले से मौजूद 10-12 लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।
मारपीट की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नरेश को तुरंत सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र: स्वर्ण जयंती चौक पर सपा का हंगामा, ‘झूठे विकास’ की लगाई प्रदर्शनी
मामले में दिल्ली के मुंडका थाने में मृतक के स्वजन मोहित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि परिजन का कहना है कि हमले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हमला सुनियोजित था और पुरानी रंजिश के चलते ही नरेश को निशाना बनाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
नरेश अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में बीच का था। उसके पिता महेंद्र फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं, जबकि माता कौशल्या गृहिणी हैं। बड़ा भाई जीतेंद्र एक निजी कंपनी में कार्यरत है और बहन पढ़ाई कर रही है।
नरेश ने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और भविष्य संवारने के लिए दिल्ली जाकर काम सीख रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही आत्मनिर्भर बनकर घर की जिम्मेदारी संभालेगा, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। स्वजन का कहना है कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दिल्ली के पुलिस अधिकारियों और हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की मांग करेंगे।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि निजी विवाद और सामाजिक तनाव किस तरह हिंसक रूप ले सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Panipat
Published : 20 February 2026, 6:32 AM IST