सोनभद्र: स्वर्ण जयंती चौक पर सपा का हंगामा, ‘झूठे विकास’ की लगाई प्रदर्शनी

सोनभद्र में समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर महंगाई, बेरोजगारी, बंद ट्रामा सेंटर और हर घर जल योजना में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाया। सपा नेताओं ने सरकार पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 February 2026, 7:53 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र के स्वर्ण जयंती चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, बंद पड़े ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के कथित ‘झूठे वादों’ को दर्शाने के लिए एक प्रतीकात्मक प्रदर्शनी भी लगाई।

सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन

सपा जिला सचिव प्रमोद यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनभद्र में ट्रामा सेंटर बंद होने के कारण गरीब मरीजों को इलाज के लिए वाराणसी जाना पड़ता है। जिससे उन्हें आर्थिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सचिव प्रमोद यादव का आरोप

यादव ने कहा कि किसान, नौजवान और व्यापारी सभी मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने बाईपास निर्माण को लेकर व्यापारियों में व्याप्त डर का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि सदर विधायक ने इस गंभीर मुद्दे पर सदन में आवाज तक नहीं उठाई। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता का शोषण करने का आरोप लगाया।

बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई

सपा नेता मनीष त्रिपाठी और सुरेश अग्रहरि ने कहा कि भाजपा शासन में दवाओं, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने गिट्टी-बालू की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। साथ ही ‘हर घर जल नल योजना’ में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि योजना के बावजूद सोनभद्र के कई इलाकों में लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है।

जर्जर सड़कों का मुद्दा

नेताओं ने जिले की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया और स्थानीय भाजपा विधायकों पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान प्रमोद यादव ने कहा कि यह प्रदर्शनी भाजपा सरकार के ‘झूठे विकास’ की हकीकत दिखाने के लिए लगाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के नौ साल के शासन के बावजूद जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है।

भ्रष्टाचार का आरोप

यादव ने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट बनकर तैयार थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें चालू नहीं किया। उन्होंने ‘हर घर जल नल योजना’ को कागजी बताते हुए कहा कि हाल ही में महोबा में जलशक्ति मिशन की एक टंकी से पानी बहने का मामला सामने आया था, जो भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।

ये रहे मौजूद

उन्होंने आरोप लगाया कि नौ साल का बजट जनता को गुमराह करने में खर्च किया गया है और प्रदेश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। इस मौके पर दीपक पटेल, अंकित अग्रहरि, मुन्ना कुशवाहा, अर्जुन खरवार, अशोक केवट, जुनैद अंसारी, अरविंद कोल और सूरज भारती सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन Sonbhadra News, Samajwadi Party, BJP Protest, Uttar Pradesh Politics, Political Protest

 

 

 

 

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 19 February 2026, 7:53 PM IST

Advertisement
Advertisement