हिंदी
डेढ़ साल की मासूम से दुष्कर्म के विरोध में व्यापारी आक्रोशित (Img: Dynamite News)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना के विरोध में व्यापारियों में आक्रोश है। घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष विष्णु जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने बाजार में भ्रमण किया और घटना पर गहरी नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने मासूम बच्ची के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुकानदारों से स्वेच्छा से दुकानें बंद रखने का आह्वान किया। व्यापारियों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ हुई घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि बच्ची को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
Chandauli: नौगढ़ में सपा की PDA जन पंचायत, वनवासी समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष का आह्वान
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मासूम की मेडिकल जांच को लेकर सरकारी अस्पताल में लापरवाही बरती जा रही थी। इसको लेकर व्यापारियों ने अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जताई और बच्ची के इलाज व मेडिकल जांच की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। अधिकारियों से बातचीत के बाद व्यापारियों को उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष विष्णु जायसवाल ने कहा कि व्यापारी समाज मासूम बच्ची के साथ है। उन्होंने कहा कि बच्ची को न्याय मिलने तक व्यापारी समाज उसके परिवार के साथ खड़ा रहेगा। व्यापारियों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच, बच्ची को उचित चिकित्सा सुविधा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Location : Chandauli
Published : 21 August 2026, 9:40 PM IST