चीनी की किल्लत की खबर ने मचाई हलचल, DM ने साफ किया- स्टॉक पर्याप्त; जमाखोरी की तो होगी कार्रवाई

गोरखपुर में चीनी की कमी और किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ की है। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लोगों को घबराकर ज्यादा खरीदारी या भंडारण करने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने थोक व्यापारियों को फूड स्टॉक पोर्टल पर वास्तविक स्टॉक घोषित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 August 2026, 9:31 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर में चीनी की किल्लत की अफवाहों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर चीनी की कमी और आने वाले दिनों में दाम बढ़ने जैसी चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से घबराकर खरीदारी न करने की अपील की है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने साफ किया है कि जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है। फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिससे लोगों को अतिरिक्त मात्रा में चीनी खरीदकर घरों में रखने की जरूरत पड़े।

डीएम ने कहा- पर्याप्त है चीनी का स्टॉक

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में चीनी की आपूर्ति और उपलब्धता पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है। मौजूदा समय में चीनी की किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों के आधार पर बाजार में अचानक खरीदारी बढ़ाने से बचें। अगर किसी व्यक्ति को चीनी की उपलब्धता या कीमत को लेकर कोई जानकारी मिलती है तो पहले उसकी पुष्टि अधिकृत माध्यम से की जाए।

थोक व्यापारियों को स्टॉक घोषित करने का निर्देश

चीनी की उपलब्धता पर निगरानी मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन ने जिले के सभी थोक चीनी व्यापारियों को भी निर्देश जारी किए हैं। व्यापारियों से कहा गया है कि भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के फूड स्टॉक पोर्टल पर उनके पास मौजूद चीनी के वास्तविक स्टॉक का विवरण तत्काल घोषित किया जाए।

हैवानियत की हदें पार, फिर खून से रचा कत्ल का खौफनाक खेल! जब खुला दरिंदगी का राज, तो दहल उठा गोरखपुर

दुकानों और गोदामों पर हो सकती है अचानक जांच

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब थोक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान स्टॉक का वास्तविक आंकड़ा और व्यापारी की ओर से घोषित जानकारी का मिलान किया जा सकता है। अगर किसी व्यापारी के यहां जरूरत से ज्यादा चीनी का स्टॉक पाया जाता है या स्टॉक से जुड़ी जानकारी छिपाने की कोशिश सामने आती है तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्ती

प्रशासन ने व्यापारियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जांच के दौरान किसी व्यापारी या व्यक्ति द्वारा चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत स्टॉक रखने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गोरखपुर में नशे के बड़े नेटवर्क पर वार, हाईटेक गांजे के साथ गुजरात-प्रतापगढ़ के तस्कर दबोचे गए

गलत स्टॉक जानकारी देने वालों पर भी कार्रवाई

सिर्फ जमाखोरी ही नहीं, बल्कि स्टॉक से जुड़ी जानकारी गलत दर्ज करने या वास्तविक स्टॉक छिपाने वाले व्यापारियों पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। व्यापारियों को निर्देश दिया गया है कि फूड स्टॉक पोर्टल पर उपलब्ध स्टॉक की सही जानकारी दर्ज करें। अगर जांच में घोषित स्टॉक और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया जाता है तो संबंधित व्यापारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

अफवाहों पर भरोसा किया तो बढ़ सकती है परेशानी

प्रशासन की अपील का सीधा असर आम उपभोक्ताओं से जुड़ा है। अगर लोग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी पोस्ट या मैसेज के आधार पर जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदने लगते हैं तो बाजार में मांग अचानक बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में वास्तविक कमी न होने के बावजूद बाजार में अस्थायी दबाव पैदा हो सकता है। इसके बाद जमाखोरी करने वाले लोगों को भी फायदा उठाने का मौका मिल सकता है।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 August 2026, 8:49 PM IST

Related News

Advertisement