गोरखपुर में नशे के बड़े नेटवर्क पर वार, हाईटेक गांजे के साथ गुजरात-प्रतापगढ़ के तस्कर दबोचे गए

गोरखपुर में नशे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस, एएनटीएफ और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ पांच तस्कर दबोचे गए हैं। आखिर कहां से आया इतना महंगा नशा और कैसे चल रहा था तस्करी का यह पूरा खेल? जांच में कई बड़े राज खुलने की उम्मीद है।

Gorakhpur: रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में पुलिस, एएनटीएफ और एटीएस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 3 किलो 85 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 30,390 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को एटीएस वाराणसी, एटीएस गोरखपुर, एएनटीएफ गोरखपुर जोन और रामगढ़ताल पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अर्टिगा कार से हाइड्रोपोनिक गांजा लेकर रामगढ़ताल क्षेत्र में खरीद-फरोख्त करने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने तारामंडल स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास चेकिंग शुरू की।

इतना गांजा हुआ बरामद

इसी दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार संख्या GJ15AV8841 को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर से 3 किलो 85 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा मिलने पर पुलिस ने उसमें सवार पांचों लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पांच मोबाइल फोन और 30,390 रुपये नकद भी बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूरज सिंह और सत्यम सिंह निवासी करमाही, प्रतापगढ़, प्रिंस पटेल निवासी नौसारी, गुजरात, रत्नम त्रिवेदी निवासी सूरत, गुजरात और भावीन निवासी भावनगर, गुजरात के रूप में हुई है।

आखिर किसके थे दो लाख? गोरखपुर में सिक्योरिटी गार्ड से लूट के दावे पर पुलिस को शक, जांच शुरू

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने मामले में रामगढ़ताल थाने में मु0अ0सं0 415/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर हाइड्रोपोनिक गांजे की सप्लाई लाइन, स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

गोरखपुर में नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, मेडिकल स्टोर से ढाबों तक नजर; बैठक में इन मुद्दों पर हुए निर्णय

सामान्य गांजे की तुलना में है महंगा

हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में महंगा और नशीले पदार्थों के अवैध बाजार में अधिक कीमत पर बिकने वाला बताया जाता है। इतनी बड़ी मात्रा में इसकी बरामदगी से पुलिस तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है। संयुक्त कार्रवाई में एएनटीएफ, एटीएस गोरखपुर-वाराणसी और रामगढ़ताल पुलिस की टीम शामिल रही।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 August 2026, 1:54 AM IST

Advertisement