हिंदी
पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया (Image: Dynamite News)
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी राजापुर यामीन अहमद के पर्यवेक्षण में पहाड़ी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम सक्रिय थी।
पुलिस के अनुसार, टीम को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसओजी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8 किलो 48 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी भी अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार मौर्य पुत्र परान मौर्य निवासी मंडौर, थाना मऊ, जनपद चित्रकूट के रूप में की है। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान कुलदीप त्रिपाठी पुत्र गया प्रसाद त्रिपाठी और तीसरे आरोपी की पहचान बृजेश राजपूत पुत्र सूरजदीन राजपूत के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चांराई, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशांबी के निवासी बताए गए हैं।
इसी बैग में छुपाकर ले जाते थे गांजा (Image: Dynamite News)
पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी संख्या UP96N9642 भी बरामद की है। इस बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पहाड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 236/2026 दर्ज किया गया है। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कौहारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, कांस्टेबल सचिन यादव, हरिओम और लव गुप्ता शामिल रहे। एसओजी टीम की ओर से उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल रोहित सिंह, रोशन सिंह, गोलू भार्गव, जयनारायण पटैरिया, ज्ञानेश मिश्रा और पवन राजपूत ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Location : Chitrakoot
Published : 19 November 2026, 4:30 PM IST