हिंदी
चंदौली में चोरों का आतंक!
Chandauli: जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी बढ़ती जा रही है। घरों से लाखों रुपये के गहने चोरी होने से लेकर शराब की दुकान को निशाना बनाए जाने तक की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी का खुलासा नहीं होने से नाराज आवाजापुर गांव के पीड़ित धर्मेंद्र सिंह उर्फ मलिंगा ने अब चोरी का सामान और नकदी बरामद कराने वाले को 20 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।
मां को बेहोश कर लाखों के गहने ले गए चोर
जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर की रात आवाजापुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया था। आरोप है कि घर में घुसे चोरों ने सो रही मां पर स्प्रे छिड़ककर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद पीड़ित के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और घर से 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के गहने चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित ने घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया था। इसके बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही चोरी के सामान की बरामदगी हो सकी है। इसी से नाराज होकर धर्मेंद्र सिंह ने 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। उनका कहना है कि अब पुलिस से भरोसा उठता जा रहा है।
शख्स ने रखा चोरों पर इनाम
एक के बाद एक चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
धानापुर क्षेत्र के बिरना गांव में भी चोरी की घटना सामने आई थी। यहां भानु प्रताप मौर्य के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद इस मामले का भी खुलासा नहीं हो सका।
इसके अलावा रमरजाय चट्टी स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान में भी चोरी हुई थी। चोर दुकान से नकदी और शराब की बोतलें लेकर फरार हो गए थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश सिंह ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। ग्रामीणों ने एसपी चंदौली से सभी चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद कराने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यही है कि सीसीटीवी फुटेज और लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद चोरी की घटनाओं का खुलासा कब होगा और धानापुर के ग्रामीणों को चोरों के आतंक से कब राहत मिलेगी?
Location : Chandauli
Published : 19 November 2026, 3:26 PM IST