Balrampur: बुझ गए पांच घरों के चिराग, किसी की कलाई सूनी, तो किसी के सिर से उठा पिता का साया

बुधवार देर रात उतरौला के अकसीबड़हरा के पास घने कोहरे में दो बाइकों की भीषण टक्कर ने पांच घरों के चिराग बुझा दिए। इस दर्दनाक हादसे में सलीम, फारुख, गुफरान, रहमत और तौफीक की असमय मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

Balrampur:  बुधवार देर रात छाए घने कोहरे ने उतरौला क्षेत्र के पांच परिवारों की दुनिया हमेशा के लिए उजाड़ दी। ग्राम अकसीबड़हरा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच नौजवानों की सांसें थम गईं, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद किसी मां की गोद सूनी हो गई, किसी बहन की राखी की कलाई हमेशा के लिए खाली रह गई, तो किसी मासूम के सिर से पिता का साया छिन गया। जिन घरों में कल तक अपनों के लौटने की उम्मीद थी, आज वहां सिर्फ सिसकियां और चीख-पुकार गूंज रही है।

गहरा सदमा कैसे बर्दाश्त कर पाएगी

बड़हरा खुर्द गांव के रहने वाले 21 साल के सलीम की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। पांच बहनों के बीच वह इकलौता और सबसे छोटा भाई था, जो मुंबई में पत्थर का काम करके अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी बहन आफरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बताया कि बुधवार रात सलीम खेत से धान ढोकर घर लाया था और खाना खाकर लेट गया था। वह कब घर से बाहर निकला, किसी को भनक तक नहीं लगी। जब उसकी मौत की खबर आई, तो घर में कोहराम मच गया। अब आफरीन को यही चिंता खाए जा रही है कि उसकी मां अपने इकलौते बेटे की मौत का यह गहरा सदमा कैसे बर्दाश्त कर पाएगी।

20 वर्षीय फारुख की असमय विदाई

इसी गांव के 20 वर्षीय फारुख की असमय विदाई ने भी उसके अपनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के कारण फारुख गांव में ही मेहनत-मजदूरी करके घर चलाने में अपना पूरा योगदान देता था। भरी जवानी में जिम्मेदार बेटे का साथ छूट जाने से माता-पिता बदहवास हैं और हर आंख नम है।

परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया

बरदही गांव के गुफरान के जाने से उसके परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा गुफरान उतरौला में ऑटो चलाकर अपने पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाता था। रोज सुबह रोजी-रोटी कमाने निकलने वाला गुफरान अब कभी घर वापस नहीं लौटेगा, इस बात पर उसके परिजनों को यकीन ही नहीं हो रहा है।
इस हादसे ने चंद्रापुर चिताई निवासी रहमत के हंसते-खेलते परिवार को भी बिखेर दिया। रिश्ते में गुफरान और तौफीक के जीजा लगने वाले रहमत सूरत में पीओपी का काम करते थे। उनकी मौत से पत्नी शबीना बानो पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब उनकी नौ साल की बेटी और सात साल के बेटे हसनैन को जिंदगी भर पिता के प्यार से वंचित रहना होगा।
वहीं, छपरतलवा गांव के रहने वाले तौफीक की मौत ने भी रिश्तेदारों को गमगीन कर दिया है। गुफरान के रिश्ते के भाई तौफीक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। हालांकि वह अभी कोई काम नहीं करते थे, लेकिन इतनी कम उम्र में उनके चले जाने से परिवार में गहरा मातम छाया हुआ है। पांचों युवकों की मौत से आसपास के गांवों में सन्नाटा पसरा है और हर कोई इस अनहोनी से स्तब्ध है।

Location :  Balrampur

Published :  19 November 2026, 3:35 PM IST

Advertisement