Kulgam Encounter: 15 लाख का इनामी लतीफ ढेर! डोडा से किश्तवाड़ तक आतंक के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

कुलगाम में एक बड़े आतंकी ऑपरेशन के बाद जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। कौन था 15 लाख का इनामी लतीफ भट और क्यों उसकी तलाश सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम थी? जानिए पूरी कहानी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 November 2026, 3:33 PM IST
google-preferred

Kulgam News: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के शीर्ष कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। 15 लाख रुपये के इनामी लतीफ की तलाश सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से कर रही थी। उसकी गतिविधियां केवल कश्मीर घाटी तक सीमित नहीं थीं, बल्कि चिनाब घाटी के डोडा, किश्तवाड़ और पीर पंजाल के राजोरी-पुंछ क्षेत्र तक उसकी मौजूदगी की आशंकाएं जताई जाती रही थीं।
 
आतंकी लतीफ का खात्मा घाटी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर उन पहाड़ी क्षेत्रों में, जहां 1990 के दशक में आतंकियों ने कई बड़े नरसंहारों को अंजाम दिया था। माना जा रहा है कि भारतीय सेना की यह कामयाबी अन्य आतंकियों और आतंकी संगठनों के लिए भी बड़ी चेतावनी है।

चिनाब घाटी में फिर बढ़ी थी आतंकी गतिविधियों की चिंता

लतीफ भट के अलग-अलग इलाकों में देखे जाने और पहचान बदलकर आतंकी गतिविधियां संचालित करने की सूचनाएं सामने आती रही थीं। किश्तवाड़ में उसकी मौजूदगी की आशंकाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने डोडा में भी पोस्टर लगाकर लोगों से जानकारी देने की अपील की थी। इससे चिनाब घाटी में आतंकवाद के पुराने दौर की यादें ताजा हो गई थीं।

1990 के दशक में हुए थे कई बड़े नरसंहार

1990 के दशक में डोडा, किश्तवाड़ और रामबन एक ही जिले का हिस्सा थे। उस दौर में पहाड़ी और दूरदराज के गांवों में आतंकियों ने कई भयावह हमले किए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अमृत सिंह के अनुसार, 14 अगस्त 1993 को किश्तवाड़ के सरथल में 18 हिंदू यात्रियों की हत्या कर दी गई थी। 1994 में गंदोह के बथोली में छह युवकों को मार दिया गया। इसके बाद 1996 में बरशाला में 17 और सरवाधार में 15 लोगों की हत्या हुई।

कुलगाम में आतंकी नेटवर्क भी ध्वस्त (IMG: Pinterest)

कुलगाम में आतंकी नेटवर्क भी ध्वस्त (IMG: Pinterest)

1998 में डोडा के चापनाड़ी में शादी समारोह से लौट रहे 26 लोगों की हत्या कर दी गई। वहीं, चन्ना-ठाकराई और सरवन क्षेत्र की घटनाओं में 16 लोगों की जान गई। 20 जून 1999 को ठाठरी के लिहोता में भी 16 नागरिकों की हत्या कर दी गई।

2006 के हमलों ने फिर दहला दिया था चिनाब क्षेत्र

30 अप्रैल 2006 की रात डोडा के कुलहांड-ठावा क्षेत्र में आतंकियों ने 19 लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें तीन साल की बच्ची भी शामिल थी। इसके बाद बसंतगढ़ के ललोन गल्ला क्षेत्र में 13 चरवाहों की हत्या की घटना सामने आई। इन हमलों में लश्कर-ए-ताइबा की भूमिका बताई गई थी।

मस्जिद में छिपा लतीफ, सुरक्षाबलों ने की सरेंडर की अपील

सुरक्षा एजेंसियों को कुलगाम के जंगलपोरा गांव में लतीफ की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद मंगलवार शाम जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। घेराबंदी के दौरान लतीफ ने गोलीबारी की और पास की मस्जिद में जाकर छिप गया।

धार्मिक स्थल की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने संयम बरता। वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया, लेकिन उसने इनकार कर दिया और मस्जिद के भीतर से गोलीबारी जारी रखी। लतीफ के मारे जाने से सुरक्षा एजेंसियों को राहत मिली है और चिनाब घाटी तथा पीर पंजाल के लोगों में सुरक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Location :  Kulgam

Published :  19 November 2026, 3:33 PM IST

Advertisement