हिंदी
Symbolic Photo (Image: Dynamite News)
Census 2027: जनगणना 2027 में कोई भी व्यक्ति छूट न जाए, इसके लिए प्रशासन ने खास तैयारी की है। अब सिर्फ घरों में रहने वाले लोगों की ही नहीं, बल्कि सड़कों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और घाटों पर रहने वाले बेघर और घुमंतू लोगों की भी गिनती की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने चार जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक का विशेष समय निर्धारित किया है। इस दौरान प्रगणक पुलिस बल के साथ ऐसे स्थानों पर पहुंचेंगे, जहां बेघर और घुमंतू लोग रहते हैं। जनगणना प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि जनगणना राष्ट्र निर्माण और भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है। इसलिए इसे पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
डॉ. सदानंद गुप्ता ने बताया कि एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का काम करेंगे। इस दौरान उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्र में बेघर और घुमंतू लोगों के रहने वाले स्थानों को भी चिह्नित करना होगा। इनमें रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, रेलवे लाइन के किनारे, पाइपों के आसपास और घाट जैसे स्थान शामिल हैं।
इसका उद्देश्य यह है कि चार जनवरी को विशेष अभियान के दौरान इन लोगों को खोजने में समय बर्बाद न हो। शाम छह बजे से रात 12 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में प्रगणकों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।
Census 2027 में बड़ा बदलाव (Img: Internet)
जनगणना का रिवीजन राउंड पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक दोबारा घरों में पहुंचेंगे और पहले दर्ज की गई जानकारियों में किसी तरह का बदलाव होने पर उसे अपडेट करेंगे।
यह प्रक्रिया उन घरों के लिए भी महत्वपूर्ण होगी, जहां पहली बार पहुंचने पर ताला बंद मिला था। अगर रिवीजन राउंड में भी घर बंद मिलता है तो उस घर को जनगणना से हटा दिया जाएगा।
जनगणना में जन्म और मृत्यु से जुड़ी जानकारी को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। चार जनवरी 2027 की रात 12 बजे तक जन्म लेने वाले बच्चों को जनगणना में शामिल किया जाएगा। अगर इस तारीख और समय तक किसी बच्चे का जन्म होता है तो पांच से नौ जनवरी के बीच रिवीजन राउंड में प्रगणक को इसकी जानकारी देनी होगी।
इसी तरह चार जनवरी 2027 की रात 12 बजे तक जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी होगी, उनका नाम जनगणना से हटा दिया जाएगा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने लोगों से अपील की है कि अगर निर्धारित अवधि में उनके घर कोई प्रगणक नहीं पहुंचता है तो वे 1855 नंबर पर सूचना दे सकते हैं। सूचना जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद संबंधित प्रगणक को जानकारी दी जाएगी और तत्काल जनगणना कराने की व्यवस्था की जाएगी।
बुधवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता ने नवागंतुक कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन को जिले में चल रही जनगणना 2027 की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस काम में करीब 9,000 प्रगणक और सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना के तीसरे दिन तक 2,500 लोगों ने स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके अलावा जहां लोग समूह में एकत्र हो रहे हैं, वहां प्रगणक पहुंचकर उन्हें स्वगणना करने में मदद कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि जनगणना की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी हो और कोई भी पात्र व्यक्ति इससे छूटने न पाए।
Location : New Delhi
Published : 19 November 2026, 1:50 PM IST