हिंदी
हादसे में घायल हुआ छात्र (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरे ऑटो के साथ हुए हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्चों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और उसमें बैठे बच्चे सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गढ़ी गांव के पास हुआ। रोज की तरह ऑटो चालक स्कूली बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ऑटो में सवार आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हो गए। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें- UP Rajya Sabha Election: सपा ने खोला तीसरा पत्ता, राम गोपाल यादव के साथ धनराज परिमल नथवानी भरेंगे नामांकन
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को बाहर निकाला। पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी इलाज कराया जा रहा है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रॉली कथित तौर पर अवैध खनन के काम में इस्तेमाल हो रही थी और हादसे के वक्त उसकी रफ्तार काफी तेज थी।
ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में मॉब लिंचिंग से हड़कंप: चोर समझकर भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, जांच में जुटी पुलिस
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कहां जा रही थी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। बच्चों की हालत को लेकर भी अस्पताल से लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Budaun
Published : 30 September 2026, 10:23 AM IST