हिंदी
पुरानी रंजिश के चलते हैं दबंगों ने घर पर चढ़कर बोला हमला (Img: Dynamite News)
Budaun: बिल्सी थाना क्षेत्र के बन्नी ढकपुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया। परिवार का आरोप है कि कुछ दबंग लोग लाठी-डंडे और कथित अवैध हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसी दौरान परिवार को बचाने पहुंची 14 वर्षीय शिवानी भी हमले की चपेट में आ गई। हालत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम परिवार घर पर खाना खाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस के महेश, रंजीत, पंकज, पवन, विपिन, भगवान सिंह, जसोदा, प्रीति और प्रवेश समेत कई लोग घर पहुंचे।
ये भी पढ़ें- “पापा अब कभी नहीं लौटेंगे” भागलपुर में भाजपा नेता के शव से लिपटकर बिलखती बेटी को देख लोगों की आंखें हुईं नम
परिवार का आरोप है कि आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे और हथियार थे। घर पहुंचते ही उन्होंने परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर 14 वर्षीय शिवानी परिवार को बचाने के लिए आगे आई। आरोप है कि हमलावरों ने शिवानी को भी पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घायल शिवानी को लेकर वे बिल्सी थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर तत्काल मेडिकल परीक्षण और कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें वापस भेज दिया।
इसके बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराया और शिवानी का अलग-अलग जगहों पर इलाज कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिवार के अनुसार, शिवानी की हालत लगातार गंभीर बनी रही। उसे दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने शिवानी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- देवघर पुलिस को देखते ही भागा युवक, कमर में छिपा रखी थी ऐसी चीज कि खुल गया पूरा राज
परिजनों ने पुलिस पर शुरुआती स्तर पर कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते उचित कार्रवाई और इलाज की व्यवस्था होती तो शायद शिवानी की जान बच सकती थी। वहीं, पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से यह साफ होने की उम्मीद है कि शिवानी की मौत की वास्तविक वजह क्या रही और हमले के आरोप कितने सही हैं। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Location : Budaun
Published : 11 September 2026, 5:27 PM IST
Topics : Bilsi Budaun News crime news teenage girl UP News