हिंदी
अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या (Source: X)
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में अपराधियों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके में हुई, जहां बदमाशों ने भाजपा नेता के सिर के पास गोली मारी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उमा भूषण तांती के रूप में हुई है, जो भाजपा में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
घटना के बाद पुलिस ने शव को मायागंज अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने भाजपा नेता की मौत की पुष्टि की। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
बिहार कांग्रेस में बवाल: 32 नेताओं को कारण बताओ नोटिस, पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप
प्रारंभिक जानकारी में काली पूजा के लिए चंदा जुटाने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। चर्चा है कि इसी विवाद के दौरान उमा भूषण तांती को सिर के पास गोली मारी गई। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल चंदे से जुड़े विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद मृतक की बेटी मायागंज अस्पताल पहुंची। पिता का शव देखते ही वह उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। अस्पताल में परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक रोहित पांडे भी मायागंज अस्पताल पहुंचे। वहीं, सूचना के बाद सिटी एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।
Location : Bhagalpur
Published : 11 September 2026, 4:59 PM IST