हिंदी
Symbolic Photo
बिहार के मोतिहारी में एक महिला के अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंची दो बच्चों की मां कुछ ही देर में वापस आने की बात कहकर निकली, लेकिन फिर लौटकर नहीं आई। घंटों इंतजार के बाद जब उसका मोबाइल बंद मिला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। अस्पताल परिसर से लेकर आसपास के इलाकों में तलाश करने के बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल सका। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मामला पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी सदर अस्पताल का है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने इलाज के लिए अपनी भाभी के साथ अस्पताल पहुंची थी। दोनों ने अस्पताल में अलग-अलग पंजीकरण कराया और इलाज के लिए अलग-अलग वार्ड में चली गईं।
इलाज पूरा होने के बाद महिला की भाभी ने उसे फोन कर साथ चलने के लिए कहा। इस पर महिला ने कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ रही है। इसके बाद भाभी अस्पताल में उसका इंतजार करती रही।
महिला के वापस नहीं आने पर भाभी ने काफी देर बाद दोबारा उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। कई बार कोशिश करने के बाद भी जब संपर्क नहीं हुआ तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और महिला की तलाश शुरू कर दी।
परिवार के लोगों ने अस्पताल परिसर के अलावा आसपास के रास्तों और संभावित जगहों पर भी महिला को खोजने की कोशिश की। कई घंटे तक तलाश करने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल बंद होने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि महिला के दो बच्चे हैं और उसके अचानक गायब होने से घर में चिंता का माहौल बना हुआ है।
मामले में महिला के पति धीरज ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस अस्पताल परिसर से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि महिला के गायब होने की पूरी जानकारी सामने आ सके। फिलहाल पुलिस महिला की तलाश में जुटी है। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही महिला के बारे में कोई जानकारी मिल जाएगी।
Location : Bihar
Published : 26 September 2026, 7:25 PM IST
Topics : bihar crime news East Champaran News Missing Woman Case Motihari News Sadar Hospital Motihari