हिंदी
रक्षाबंधन पर लापता महिला बरामद
Gorakhpur: रक्षाबंधन की रात जब घर-घर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का जश्न मनाया जा रहा था, उसी दौरान तिवारीपुर थाने में एक पिता अपनी बेटी को लेकर बेहद परेशान हालत में पहुंचा।
54 वर्षीय पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी अचानक घर से चली गई है। महिला के दो छोटे बच्चे भी हैं। अनहोनी की आशंका से घबराए पिता ने पुलिस से बेटी को जल्द तलाशने की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार सिंह ने तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय किया और महिला की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हर संभावित स्थान पर तलाश करने और तकनीकी माध्यमों का सहारा लेने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों की एक टीम महिला की तलाश में जुट गए, जबकि दूसरी टीम ने आसपास के मार्गों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस को रात करीब आठ बजे एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। सीसीटीवी फुटेज में महिला एक चौराहे से ऑटो में बैठती हुई दिखाई दी।
इधर, सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन ट्रेस की, जो गुलहरिया क्षेत्र में मिली। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से मिले सुरागों को जोड़ते हुए उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव टीम के साथ तत्काल गुलहरिया के लिए रवाना हो गए।
पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी का नतीजा यह रहा कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया। महिला के थाने पहुंचते ही परिवार की चिंता खुशी में बदल गई। उसकी बहन ने दौड़कर उसे गले लगा लिया। दोनों बहनें भावुक होकर रो पड़ीं। वहीं बेटी के सकुशल मिलने पर पिता ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव और उनकी टीम ने दिखाया कि संकट की घड़ी में पुलिस की त्वरित कार्रवाई किसी परिवार के लिए सबसे बड़ी राहत बन सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 August 2026, 5:29 AM IST