बरेली में चीनी मांझे से बड़ी वारदात, मंत्री संजय गंगवार के भतीजे की कटी गर्दन, चेहरा और हाथ भी लहूलुहान

बरेली के गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार के भतीजे आदित्य वीर सिंह स्कूटी से जाते समय प्रतिबंधित चीनी मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात पतंगबाज और मांझा विक्रेताओं पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर शहर में ड्रोन से निगरानी और छापेमारी तेज कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 17 June 2026, 5:49 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली में गन्ना राज्य मंत्री संजय गंगवार के भतीजे आदित्य वीर सिंह के गले में कांच लगी पतंग के मांझा से चोट लगने के बाद पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस घटना के सिलसिले में एक सब-इंस्पेक्टर ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर में चीनी मांझे के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।

स्कूटी से जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, आदित्य सोमवार सुबह शहर में स्कूटी से सफर कर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी गर्दन प्रतिबंधित चीनी मांझे की चपेट में आ गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गर्दन के अलावा चेहरा, कान और हाथ की उंगली भी घायल हो गई। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति, मांझा बेचने वालों और पतंग उड़ाने वाले लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि प्रतिबंधित और जानलेवा मांझे का उपयोग सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है और इस तरह की लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है। हादसे के बाद पुलिस ने विभिन्न इलाकों में पतंगबाजी और मांझे की बिक्री पर निगरानी बढ़ा दी है। कई स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया।

Bareilly: DJ संचालक की हत्या के बाद हंगामा, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पुलों पर पुलिस तैनात

प्रशासन ने शहर के प्रमुख पुलों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। कई पुलों पर दो-दो शिफ्टों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही आसमान में उड़ रही पतंगों और संभावित खतरनाक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रतिबंध के बावजूद बना हुआ है खतरा

लगातार कार्रवाई के बावजूद यह सवाल बना हुआ है कि प्रतिबंधित चीनी मांझा आखिर बाजार और पतंगबाजों तक कैसे पहुंच रहा है। प्रशासन इस आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Location :  Bareilly

Published :  17 June 2026, 5:49 PM IST

Advertisement