हिंदी
फायरिंग के बाद घायल टाइगर श्रॉफ
Mumbai: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना ने बॉलीवुड में चिंता बढ़ा दी है। इस मामले पर अभिनेता सुनील शेट्टी और विद्युत जामवाल ने प्रतिक्रिया दी है, जबकि फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी। सुनील शेट्टी ने टाइगर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, वहीं विद्युत जामवाल ने हमले के दौरान मौजूद लोगों के रवैये पर सवाल उठाए। राम गोपाल वर्मा ने इस घटना को असामान्य बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टाइगर को मामूली चोटें आईं, जबकि उनके ड्राइवर भी घायल हुए। घटना ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अभिनेता सुनील शेट्टी ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग पर हैरानी जताई। एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि टाइगर और जैकी श्रॉफ को पूरी दुनिया प्यार करती है। अगर उनके साथ ऐसी घटना हो सकती है, तो किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है।
सुनील शेट्टी ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था और सभी के लिए सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने जैकी श्रॉफ को अपना बचपन का दोस्त बताते हुए टाइगर के ठीक होने पर राहत जताई। साथ ही, उन्होंने घायल ड्राइवर के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद भी जताई।
फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने भी टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि पहले हत्याओं के पीछे फिरौती, सुपारी या आपसी समझौते जैसे कारण सामने आते थे, लेकिन इस घटना ने उन्हें एक अलग तरह की चिंता में डाल दिया है।
वर्मा ने अपने पोस्ट में आशंका जताई कि कहीं लोग अपनी शान और घमंड के लिए दूसरों की जान लेने पर तो आमादा नहीं हो रहे। हालांकि, घटना के पीछे का वास्तविक मकसद जांच के निष्कर्षों से ही स्पष्ट हो सकेगा।
अभिनेता विद्युत जामवाल ने फायरिंग की घटना के दौरान मौजूद लोगों के रवैये पर सवाल उठाए। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि टाइगर के लिए चीयर करने वाले और खुद को उनका बड़ा प्रशंसक बताने वाले लोगों में से किसी को तो मदद के लिए आगे आने की कोशिश करनी चाहिए थी।
विद्युत ने कहा कि किसी पर हमला होते देखकर केवल तमाशबीन बने रहना सही नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर किसी महिला या पुरुष को परेशान होते अथवा हमला झेलते देखने पर सुरक्षित तरीके से मदद करने की कोशिश करें, न कि सिर्फ खड़े होकर देखते रहें।
विद्युत जामवाल ने मुंबई पुलिस से भी अपील की कि टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।
उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे लोगों की जरूरत है, जो मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़कर मदद करें। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा, हमले के दौरान लोगों की भूमिका और फिल्मी सितारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है।
Location : Mumbai
Published : 20 October 2026, 11:26 AM IST
Topics : Ram Gopal Varma reaction Suniel Shetty reaction Tiger Shroff Firing Tiger Shroff firing incident Vidyut Jammwal statement