हिंदी
Banda: बांदा जिले के अतर्रा कस्बे में साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भवानी गंज मोहल्ला निवासी 48 वर्षीय एक प्राइवेट शिक्षक को देर रात आए एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल ने भारी नुकसान पहुंचा दिया। आरोप है कि कॉल के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर उनसे लाखों रुपये की वसूली की गई।
पीड़ित शिक्षक के अनुसार, 9 मई की रात वह घर में अकेले थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आई। कॉल पर मौजूद युवती ने कथित तौर पर अश्लील हरकतें करते हुए उन्हें बातचीत में उलझाया। इसी दौरान उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई।
कुछ समय बाद आरोपियों ने रिकॉर्ड की गई वीडियो शिक्षक को भेजी और उसे सोशल मीडिया, रिश्तेदारों तथा परिचितों के बीच वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
धमकियों से परेशान होकर शिक्षक ने आरोपियों की मांग के अनुसार अलग-अलग बैंक खातों और ऑनलाइन माध्यमों से कुल 14 लाख रुपये भेज दिए। हालांकि रकम मिलने के बाद भी आरोपियों ने ब्लैकमेलिंग बंद नहीं की और लगातार अधिक धन की मांग करते रहे।
लगातार बढ़ते दबाव और मानसिक परेशानी के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही वसूली गई रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि साइबर अपराधी लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। वीडियो कॉल, फर्जी प्रोफाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर लोगों को ब्लैकमेल करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता और सतर्कता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
Location : Banda
Published : 3 June 2026, 1:12 PM IST