भतीजी से प्रेम संबंध युवक को पड़ा भारी, चाचाओं ने की हत्या; CCTV फुटेज से खुला पूरा राज

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामले ने अचानक ऐसा मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। खाली प्लॉट में मिले शव से शुरू हुई पुलिस की जांच एक ऐसे राज तक पहुंची, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 June 2026, 12:44 PM IST
google-preferred

Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान शाहरुख, फरमान और इमरान के रूप में हुई है।

खाली प्लॉट में मिला था युवक का शव

मामला कोतवाली बागपत क्षेत्र की एकता कॉलोनी का है। मंगलवार सुबह इलाके के एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के हाथ बंधे हुए थे और उसके गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

पुलिस ने शव की पहचान कस्बा बागपत निवासी शहजान के रूप में की। शहजान फास्ट फूड का कारोबार करता था और इलाके में अच्छी पहचान रखता था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सोनभद्र में सनसनीखेज वारदात: नवविवाहित युवक की बेरहमी से हत्या, पुल के नीचे फेंका मिला शव

CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को एक अहम फुटेज मिला। फुटेज में तीन युवक एक रेहड़े पर कुछ ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस को शक हुआ और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार शहजान का आरोपियों की भतीजी के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वह युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती के चाचाओं ने उसे देख लिया। परिवार के लोगों को दोनों के रिश्ते पर पहले से आपत्ति थी। बताया गया कि शहजान के पकड़े जाने के बाद परिवार के लोगों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, ताकि मामला पूरी तरह खत्म हो जाए।

शव ठिकाने लगाने की भी रची साजिश

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने शहजान के शव को रेहड़े में लादा और आधी रात के समय एक सुनसान खाली प्लॉट में फेंक दिया। आरोपियों को लगा कि शव मिलने के बाद पुलिस इसे सामान्य हत्या मानकर जांच करेगी और उन तक नहीं पहुंच पाएगी। हालांकि CCTV फुटेज में कैद हुई तस्वीरों ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

औरैया में एनकाउंटर: हत्या का आरोपी मुठभेड़ में घायल, हत्या केस में था फरार

पुलिस ने भेजा जेल

बागपत पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि खाली प्लॉट में मिले शव की पहचान के बाद जांच को आगे बढ़ाया गया। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में प्रेम संबंध को लेकर हत्या करने की बात सामने आई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Location :  Baghpat

Published :  10 June 2026, 12:44 PM IST

Advertisement